×

रिकॉर्ड कीमत पर बिकने के अगले दिन कैमरन ग्रीन का फ्लॉप शो, खाता भी नहीं खोल पाए

16 दिसंबर को कैमरन ग्रीन आईपीएल इतिहास के सबसे महंगे विदेशी खिलाड़ी बने. उन्हें कोलकाता नाइट राइडर्स ने 25.20 करोड़ रुपये में खरीदा. लेकिन अगले ही दिन एशेज टेस्ट में इंग्लैंड के खिलाफ मैच में वह खाता भी नहीं खोल पाए.

user-circle cricketcountry.com Written by Bharat Malhotra
Last Updated on - December 17, 2025 1:07 PM IST

एडिलेड: ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच एशेज सीरीज का तीसरा टेस्ट बुधवार से एडिलेड में शुरू हो गया. ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया. आईपीएल 2026 की नीलामी में सबसे ऊंची कीमत पर बिके ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर कैमरन ग्रीन नीलामी के एक दिन बाद बुरी तरह फ्लॉप हो गए.

कैमरन ग्रीन पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आए थे. ग्रीन सिर्फ दो गेंद खेल सके और बिना खाता खोले आउट हो गए. उनकी यह असफलता आईपीएल 2026 की नीलामी में सबसे महंगा खिलाड़ी बनने के ठीक एक दिन के बाद आई है.

आईपीएल 2026 के लिए मंगलवार को अबू धाबी में मिनी नीलामी का आयोजन किया गया था. केकेआर ने कैमरन ग्रीन को 25.20 करोड़ में खरीदा. ग्रीन केकेआर के अब तक के सबसे महंगे खिलाड़ी बन गए. साथ ही ग्रीन आईपीएल इतिहास के सबसे महंगे खिलाड़ी भी बन गए.

कैमरन ग्रीन दाएं हाथ के तेज गेंदबाज होने के साथ ही दाएं हाथ के एक सक्षम बल्लेबाज हैं. वह मैच की परिस्थिति के मुताबिक बल्लेबाजी करने में सक्षम में हैं. केकेआर को इस साल आंद्रे रसेल की सेवा नहीं मिल पाएगी. रसेल ने आईपीएल से संन्यास ले लिया है. रसेल के विकल्प के रूप में ही केकेआर ने ग्रीन को 25.20 करोड़ की बड़ी राशि देकर खरीदा है.

पूर्व में कैमरन ग्रीन एमआई और आरसीबी के लिए खेलते हुए बतौर ऑलराउंडर अपनी क्षमता दिखा चुके हैं. 2023 में वह मुंबई इंडियंस , जबकि 2024 में आरसीबी के लिए खेले थे. एमआई के लिए 16 मैचों में एक शतक और दो अर्धशतक की मदद से उन्होंने 452 रन बनाए. वहीं आरसीबी के लिए 13 मैच खेलकर 255 रन बनाए. इसके अलावा, कुल 29 मैचों में ग्रीन ने 16 विकेट लिए हैं.

मैच की बात करें तो ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया. एलेक्स कैरी के शतक और उस्मान ख्वाजा के बेहतरीन हाफ सेंचुरी की मदद से ऑस्ट्रेलिया ने पहले दिन की समाप्ति के समय 8 विकेट के नुकसान पर 326 रन बना लिए थे. मिचेल स्टार्क 33 और नाथन लियोन शून्य पर नाबाद हैं.

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत बेहद खराब रही. टीम ने 33 के स्कोर पर अपने दोनों सलामी बल्लेबाजों, ट्रेविस हेड और जैक वेदरलैंड, का विकेट खो दिया था. इसके बाद मार्नस लाबुशेन और कैमरन ग्रीन बैक टू बैक आउट हो गए. 94 रन पर 4 विकेट गंवाकर ऑस्ट्रेलिया मुश्किल में थी.

TRENDING NOW

चौथे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आए उस्मान ख्वाजा और छठे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आए विकेटकीपर बल्लेबाज एलेक्स कैरी ने ऑस्ट्रेलियाई पारी को संभाला और पांचवें विकेट के लिए 91 रन की साझेदारी की. ख्वाजा अपना शतक चूक गए और 126 गेंद पर 82 रन की पारी खेलकर आउट हुए. इससे पहले स्टीव स्मिथ की जगह ऑस्ट्रेलियाई प्लेइंग इलेवन में उस्मान ख्वाजा को जगह दी गई. स्मिथ टेस्ट शुरू होने से कुछ मिनट पहले ही अस्वस्थ होने की वजह से बाहर हो गए. इंग्लैंड की तरफ से जोफ्रा आर्चर ने 3, ब्रायडन कार्स ने 2, विल जैक्स ने 2, और जोश टंग ने 1 विकेट लिए.