25.20 करोड़ के खिलाड़ी ने KKR के लिए गेंदबाजी डेब्यू पर किया कमाल, IPL के सबसे महंगे प्लेयर को भेजा पवेलियन
लखनऊ सुपरजायंट्स के खिलाफ कैमरन ग्रीन का बल्ला भी चला. उन्होंने 24 बॉल में नाबाद 32 रन बनाए, जिसमें तीन चौके और एक छक्का शामिल था.
Published On Apr 09, 2026, 10:45 PM IST
Last UpdatedApr 09, 2026, 10:45 PM IST
Cameron Green IPL bowling debut kkr
आईपीएल 2026 में गुरुवार को कोलकाता नाइट राइडर्स और लखनऊ सुपरजायंट्स की टीम आमने-सामने हुई. इस मैच में केकेआर के 25.20 करोड़ के खिलाड़ी ने गेंदबाजी डेब्यू किया. फिटनेस और वर्कलोड मैनेजमेंट के कारण कैमरन ग्रीन शुरुआती मुकाबलों में गेंदबाजी नहीं कर सके थे, मगर लखनऊ सुपरजायंट्स के खिलाफ गेंदबाजी डेब्यू करते हुए उन्होंने पहले ओवर में कमाल किया और लखनऊ सुपरजायंट्स के कप्तान ऋषभ पंत का बड़ा विकेट लिया. ऋषभ पंत आईपीएल इतिहास के सबसे महंगे खिलाड़ी हैं, उन्हें लखनऊ सुपरजायंट्स ने 27 करोड़ में खरीदा था.
कैमरन ग्रीन नौवें ओवर में गेंदबाजी करने उतरे और दूसरे ही बॉल पर ऋषभ पंत को पवेलियन भेजा. शरीर की लाइन में आई शॉर्ट गेंद को ऋषभ पंत ने पुल करने की कोशिश लेकिन वह गेंद की उछाल से मात खा गए. गेंद बल्ले के ऊपरी हिस्से पर लगकर शॉर्ट फाइन लेग में खड़े कार्तिक त्यागी के हाथ में समा गई, कार्तिक ने अपनी दाईं तरफ दौड़ लगाते हुए बेहतरीन कैच पकड़ा, पंत इस गेंद को पुल करने की पोजिशन में बिल्कुल भी नहीं थे. ग्रीन ने पहले आईपीएल विकेट को जमकर सेलिब्रेट किया.
ग्रीन ने बल्ले से भी खेली उपयोगी पारी
कैमरन ग्रीन पहले तीन मैच में बल्ले से सिर्फ 24 रन बना सके थे, मगर लखनऊ सुपरजायंट्स के खिलाफ उनका बल्ला भी चला. उन्होंने 24 बॉल में नाबाद 32 रन बनाए, जिसमें तीन चौके और एक छक्का शामिल था. उन्होंने रोवमैन पॉवेल (24 बॉल में नाबाद 39 रन) के साथ नाबाद 70 रन की साझेदारी की.
केकेआर को लखनऊ को दिया 182 रन का टारगेट
मौजूदा सत्र में पहली जीत की तलाश कर रही केकेआर की टीम शुरुआती 10 ओवर में एक विकेट पर 98 रन बनाकर मजबूत स्थिति में थी, कप्तान अजिंक्य रहाणे और शानदार लय में चल रहे अंगकृष रघुवंशी ने 52 गेंदों में 84 रन की साझेदारी की. सलामी बल्लेबाज फिन एलेन (नौ) के सस्ते में आउट होने के बाद भी टीम 200 के पार जाती दिख रही थी, लेकिन एलएसजी के गेंदबाजों ने स्पिन और सधी हुई तेज गेंदबाजी के मिश्रण से 11वें से 14वें ओवर के बीच पारी का रुख बदल दिया।
रहाणे (24 गेंदों पर चार चौके और दो छक्कों की मदद से 41 रन) को स्पिनर दिग्वेश राठी ने आउट किया। मोहम्मद शमी ने उनका शानदार कैच लपका, अगले ही ओवर में रघुवंशी (33 गेंदों पर पांच चौके और दो छक्कों की मदद से 45 रन) को बाएं हाथ के स्पिनर मणिमारण सिद्धार्थ ने लॉन्ग-ऑन पर कैच कराया. इसके बाद आवेश खान ने दूसरे स्पैल में शानदार वापसी करते हुए रिंकू सिंह (चार) को आउट किया, जिससे केकेआर के बल्लेबाज 30 गेंदों तक बाउंड्री नहीं लगा सके और 15 ओवर में स्कोर चार विकेट पर सिर्फ 115 रन तक ही पहुंच सका.
रोवमैन पॉवेल (24 गेंदों पर चार चौके और दो छक्कों की मदद से नाबाद 39 रन) और कैमरून ग्रीन (24 गेंदों पर तीन चौके और एक छक्के की मदद से नाबाद 32 रन) ने उपयोगी पारियां खेलकर टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया. केकेआर ने लखनऊ के सामने जीत के लिए 182 रन का टारगेट रखा है.