×

कैमरून ग्रीन क्यों नहीं कर रहे गेंदबाजी ? ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट ने अजिंक्य रहाणे को दिया जवाब

कोलकाता नाइट राइडर्स ने कैमरून ग्रीन को ऑक्शन में 25.20 करोड़ की बड़ी बोली लगाते हुए टीम में शामिल किया था.

user-circle cricketcountry.com Written by Akhilesh Tripathi
Last Updated on - March 30, 2026 2:50 PM IST

आईपीएल 2026 में रविवार को कोलकाता नाइटराइडर्स की टीम को मुंबई इंडियंस के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा. केकेआर के ऑलराउंडर कैमरन ग्रीन ने इस मैच में गेंदबाजी नहीं की थी. कैमरून ग्रीन के गेंदबाजी नहीं करने के सवाल पर कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के कप्तान ने इसका जवाब क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया से पूछने को कहा था. रहाणे के बयान के बाद अब क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने ग्रीन की फिटनेस और उनकी इंजरी को लेकर बड़ा अपडेट दिया है.


क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (सीए) का कहना है कि कैमरून ग्रीन पीठ की इंजरी से जूझ रहे हैं और इसकी वजह से वह टूर्नामेंट के शुरुआती 10 से 12 दिनों में गेंदबाजी नहीं कर पाएंगे, सीए ने बताया कि इस बात की जानकारी पहले ही केकेआर के टीम मैनेजमेंट को दे दी गई थी.
मुंबई के वानखेड़े क्रिकेट स्टेडियम में केकेआर को मुंबई इंडियंस के खिलाफ 6 विकेट से हार का सामना करना पड़ा। मैच के बाद कप्तान रहाणे से पूछा गया कि बाकी गेंदबाजों के निराशाजनक प्रदर्शन के बावजूद ग्रीन से गेंदबाजी क्यों नहीं कराई गई? इस पर रहाणे ने कहा, “आपको यह सवाल क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया से पूछना चाहिए.

ग्रीन की पीठ के निचले हिस्से में चोट: क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया

रहाणे की तरफ से निशाना साधे जाने के बाद ग्रीन को लेकर क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने बयान जारी किया. उन्होंने बताया, कैमरून ग्रीन की पीठ के निचले हिस्से में चोट है जिसको मैनेज किया जा रहा है, इस वजह से वह कुछ समय के लिए गेंदबाजी से दूर रहेंगे, कैमरून 10 से 12 दिनों में पूरी तरह से फिट होने के बाद गेंदबाजी करते नजर आएंगे.केकेआर टीम को यह बात बता दी गई है और वह इस जानकारी से पूरी तरह से अवगत हैं.

25.20 करोड़ में केकेआर ने ग्रीन को खरीदा था

कोलकाता नाइट राइडर्स ने कैमरून ग्रीन को ऑक्शन में 25.20 करोड़ की बड़ी बोली लगाते हुए टीम में शामिल किया था. ग्रीन अगर शुरुआती मुकाबलों में गेंदबाजी नहीं करते हैं, तो केकेआर की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। हर्षित राणा और आकाशदीप पहले ही चोट के कारण इस टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं. वहीं, मथीशा पथिराना भी पूरी तरह से फिट नहीं हैं.

अगले तीन मैच में भी गेंदबाजी नहीं करेंगे ग्रीन !

क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के बयान के अनुसार, ग्रीन कम से कम अगले दो से तीन मुकाबलों में अभी गेंदबाजी करते हुए दिखाई नहीं देंगे. मुंबई इंडियंस के खिलाफ स्कोरबोर्ड पर 220 रन लगाने के बावजूद केकेआर को हार का सामना करना पड़ा. कोलकाता की टीम 221 रन के टारगेट का बचाव करने में असफल रही. ब्लेसिंग मुजरबानी, वरुण चक्रवर्ती और सुनील नरेन जैसे दिग्गज प्रभाव नहीं छोड़ सके.