वसीम अकरम बोले-कहना मुश्किल कि विराट कोहली दिग्गज तेंदुलकर के सभी रिकॉर्ड्स तोड़ पाएंगे
31 साल के कोहली 248 वनडे में अब तक 43 शतक ठोक चुके हैं
Published On May 14, 2020, 07:24 AM IST
Last UpdatedMay 14, 2020, 07:24 AM IST
भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली पिछले कुछ समय से क्रिकेट के तीनों फॉर्मेट में शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं उसे देखते हुए सबके मन में एक ही सवाल है कि क्या वह मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर के रिकॉर्ड को तोड़ पाएंगे. कई जानकार इससे सहमत हैं तो कई इसको लेकर आशंकित हैं. पाकिस्तानके पूर्व कप्तान वसीम अकरम ने कहा है कि वह इस बात को लेकर आश्वस्त नहीं हैं कि कोहली दिग्गज तेंदुलकर के ‘कई’ रिकॉर्ड तोड़ पाएंगे.
‘सचिन-कोहली की तुलना नहीं कर सकता’
अकरम ने भारत के पूर्व सलामी बल्लेबाज आकाश चोपड़ा के शो ‘आकाशवाणी’ पर कहा, ‘मैं सीधी बात करता हूं और वो कहता हूं जो मुझे लगता है. मैं दोनों की तुलना नहीं कर सकता, लेकिन मुझे लगता है कि विराट कोहली काफी आगे जाएंगे और कई सारे रिकॉर्ड तोड़ेंगे लेकिन क्या वो सचिन के रिकार्ड तोड़ सकते हैं? मुझे शक है. सचिन के नाम काफी सारे रिकॉर्ड हैं. कोहली वहां तक पहुंच रहे हैं, लेकिन अभी समय है.’
बाएं हाथ के पूर्व तेज गेंदबाज ने कहा, ‘वह इस जमाने के महान बल्लेबाज हैं. सचिन की तुलना में, यह दोनों अलग तरह के खिलाड़ी हैं. कोहली एक बल्लेबाज और इंसान के तौर पर काफी आक्रामक हैं, वह सकारात्मक आक्रमकता वाले खिलाड़ी हैं. सचिन शांत थे लेकिन फिर भी वह काफी आक्रामक थे, उनकी शारीरिक भाषा अलग थी. एक गेंदबाज के तौर पर आप उसे भी पढ़ते हो.’
‘अगर मैं कोहली को स्लेज करूंगा वो अपना आपा खो बैठेंगे’
बकौल अकरम, ‘सचिन जानते थे कि मैं अगर उन्हें स्लेज करूंगा तो वो और ज्यादा प्रतिबद्ध हो जाएंगे. यह मेरे विचार हैं और मैं गलत भी हो सकता हूं. अगर मैं कोहली को स्लेज करूंगा वो अपना आपा खो बैठेंगे. जब बल्लेबाज गुस्सा होता है तो वो आपको मारता है और तभी आपके पास उसको आउट करने के सबसे ज्यादा मौके होते हैं.’
वनडे में कोहली ने 43 शतक लगाए हैं
31 वर्षीय कोहली के नाम 86 टेस्ट मैचों में 27 शतकों सहित 7240 रन दर्ज है जबकि 248 वनडे में विराट ने 43 शतकों के साथ कुल 11867 रन बनाए हैं.