×

शुभमन गिल ने रखी BCCI से बड़ी 'डिमांड', फिर सुधर जाएंगे टेस्ट में नतीजे!

Shubman Gill Test: भारतीय टीम के टेस्ट कप्तान शुभमन गिल भी जानते हैं कि क्रिकेट के सबसे लंबे फॉर्मेट में टीम का प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा है. इसमें कैसे सुधार होगा इस पर उन्होंने BCCI को सलाह दी है.

user-circle cricketcountry.com Written by Bharat Malhotra
Last Updated on - January 5, 2026 12:42 PM IST

भारतीय टीम सीमित ओवरों के फॉर्मेट में तो अच्छा प्रदर्शन कर रही है लेकिन टेस्ट क्रिकेट का उसका बीता कुछ वक्त अच्छा नहीं रहा है. टीम लगातार इसे लेकर सवालों के घेरे में है. और टीम को 2024 में न्यूजीलैंड और फिर साउथ अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट सीरीज में वाइट वॉश का सामना करना पड़ा. इसके बाद भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने इसे गंभीरता से लिया.

खबर है कि बोर्ड ने टेस्ट कप्तान शुभमन गिल से साउथ अफ्रीका के खिलाफ घरेलू टेस्ट सीरीज में 0-2 से हार के बाद बात है. अंग्रेजी अखबार टाइम्स ऑफ इंडिया की खबर के मुताबिक बोर्ड ने सिलेक्टर्स और लीडरशिप ग्रुप के साथ अनौपचारिक बात की. भारत को 13 महीने के अंतराल पर अपने घर पर ही खेली गई दो टेस्ट सीरीज में क्लीन-स्वीप का सामना करना पड़ा.

अब खबर है कि गिल ने बोर्ड को सलाह दी है कि हर टेस्ट सीरीज से पहले 15 दिन का कैंप लगना चाहिए.

अखबार ने अपने सूत्रों के हवाले से बताया है, ‘गिल इस बात को लेकर बिलकुल स्पष्ट थे कि टीम को टेस्ट सीरीज से पहले बेहतर तैयारियों की जरूरत थी. इस सीजन में टीम का कार्यक्रम कुछ ऐसा था कि उसे तैयारियों के लिए ज्यादा वक्त नहीं मिला. गिल ने बोर्ड को सलाह दी है कि यह अच्छा रहेगा कि टेस्ट सीरीज से पहले टीम के लिए 15 दिन का कैंप हो.’

भारत ने पिछले सीजन में एशिया कप जीतने के सिर्फ चार दिन के बाद ही टेस्ट सीरीज खेली थी. वेस्टइंडीज के खिलाफ भारत की टेस्ट सीरीज का आगाज 2 अक्टूबर से हुआ था. और खिलाड़ी एशिया कप जीतने के बाद 29 सितंबर को भारत आए थे. गिल और टेस्ट के कई विशेषज्ञ बल्लेबाज ऑस्ट्रेलिया में टी20 और वनडे सीरीज खेलकर लौटने के चार दिन बाद ही साउथ अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट सीरीज खेल रहे थे.

अखबार अपनी खबर में यह भी दावा करता है कि बीसीसीआई गिल को टीम के लिए बनने वाली योजनाओं में अपनी राय को और ज्यादा रखने के मौके देना चाहता है.

अपने सूत्र के हवाले से अखबार ने खबर में आगे कहा, ‘गिल अब नेतृत्व की खूबियां दिखा रहे हैं. वह बीसीसीआई और सिलेक्टर्स के सामने अपनी राय अब अधिक स्पष्टता के साथ रख रहे हैं. यह भारतीय क्रिकेट की उस जरूरत के लिहाज से सही नजर आता है जहां रोहित शर्मा के जाने के बाद एक मजबूत कप्तान की जरूरत पर बल दिया जा रहा था. टेस्ट और वनडे टीम गिल की हैं. और उनकी बात की ज्यादा अहमियत जरूरी है.’

हालांकि भारतीय टीम का शेड्यूल जिस तरह से होता है उसमें हर बार 15 दिन का कैंप लगा पाना आसान नहीं होगा.

TRENDING NOW

बीसीसीआई के सूत्रों ने हवाले से कहा है कि वह अपने कोचिंग स्टाफ को सही तरीके से इस्तेमाल करेगा. इस स्टाफ का उपयोग सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (CoE), बेंगलुरु में किया जा सकता है. सूत्र ने कहा, ‘ऐसे मौके आ सकते हैं जब गंभीर वाइट बॉल टीम के साथ व्यस्त हों और टेस्ट सीरीज आने वाली हो. तो बोर्ड रेड बॉल कैंप के लिए सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के हेड वीवीएस लक्ष्मण की मदद ले सकता है.’