×

बांग्लादेशी क्रिकेटर पर लगा रेप का आरोप, पुलिस ने दाखिल की चार्जशीट

महिला ने 1 अगस्त को गुलशन पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कराया था, जिसमें बार-बार यौन हिंसा की घटनाओं की रिपोर्ट की गई.

user-circle cricketcountry.com Written by Akhilesh Tripathi
Last Updated on - December 11, 2025 4:09 PM IST

बांग्लादेश ‘ए’ टीम के तेज गेंदबाज ऑलराउंडर क्रिकेटर तोफेल अहमद रायहान की मुश्किलें बढ़ गई है. तोफेल अहमद रायहान पर महिला ने शादी का वादा करके यौन उत्पीड़न करने का आरोप लगाया है. इस मामले में बांग्लदेशी क्रिकेटर पर चार्जशीट भी दाखिल की गई है.

क्रिकबज की रिपोर्ट के मुताबिक, महिला ने 1 अगस्त को इसे लेकर गुलशन पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कराया था, जिसमें बार-बार यौन हिंसा की घटनाओं की रिपोर्ट की गई. गुलशन पुलिस स्टेशन के इन्वेस्टिगेटिंग ऑफिसर, सब-इंस्पेक्टर मोहम्मद समिउल इस्लाम के मुताबिक, यह चार्जशीट महिला और बाल उत्पीड़न रोकथाम अधिनियम की धारा के तहत दाखिल की गई है.

क्या है पूरा मामला ?

चार्जशीट के अनुसार तोफेल ने इस साल जनवरी में पहली बार महिला से फेसबुक पर संपर्क किया था. मैसेंजर पर दोनों के बीच रेगुलर बातचीत हुई जो बाद में प्रेम कहानी में बदल गई. महिला ने हालांकि इससे शुरुआत में इनकार किया था, मगर तोफेल के यह भरोसा दिलाने पर मान गई कि वह उससे शादी करना चाहता है. शिकायतकर्ता के अनुसार, 31 जनवरी को तोफेल कथित तौर पर महिला को गुलशन के एक होटल में ले गया, उसे अपनी पत्नी के तौर पर मिलवाया, और कथित तौर पर बिना सहमति के यौन संबंध बनाए, उसने फिर से भरोसा दिलाया कि वह जल्द ही उससे शादी करेगा.

हालांकि बाद में बांग्लादेशी क्रिकेटर ने महिला से दूरी बना ली और कई बार महिला के साथ मारपीट की. जब महिला ने शादी के लिए ज़ोर दिया तो उसने मना कर दिया. इसके बाद महिला ने 1 अगस्त को गुलशन पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कराया. इस मामले में 24 सितंबर को हाई कोर्ट ने तोफेल को छह हफ़्ते की अग्रिम जमानत दी और उसे जमानत खत्म होने से पहले महिला और बाल उत्पीड़न रोकथाम ट्रिब्यूनल के सामने सरेंडर करने का निर्देश दिया, हालांकि, उसने कोर्ट के निर्देश का पालन नहीं किया. बांग्लादेश ‘ए’ टीम के रेगुलर सदस्य तोफेल ने अग्रिम ज़मानत मिलने के बाद दूसरी राष्ट्रीय टीम के लिए छह-ए-साइड टूर्नामेंट खेलने के लिए हांगकांग की यात्रा भी की थी.

TRENDING NOW

इस मामले में अगली सुनवाई 30 दिसंबर को होगी, जब चार्जशीट कोर्ट के सामने पेश की जाएगी.