- Home
- News
- Chennai has batsmen to tackel good spinners at slow chepauk pitch, says Krishnamachari Srikkanth
चेन्नई के पास स्पिनरों से निपटने वाले बल्लेबाज हैं: कृष्णामचारी श्रीकांत
पूर्व क्रिकेटर क्रिस श्रीकांत का कहना है कि ऑलराउंडर खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर मैच के नतीजे निर्भर करेंगे।
Published On Mar 23, 2019, 01:02 PM IST
Last UpdatedMar 23, 2019, 01:02 PM IST
© AFP
इंडियन टी20 लीग का पहला मैच आज चेन्नई और बेंगलुरू के बीच चेपॉक स्टेडियम में खेला जाना है। महेंद्र सिंह धोनी की चेन्नई टीम के पास घरेलू मैदान का फायदा होगा। पूर्व क्रिकेटर कृष्णामचारी श्रीकांत का भी यही मानना है। श्रीकांत का कहना है कि ना केवल चेन्नई टीम के पास चेपॉक की पिच का फायदा उठाने वाले अच्छे स्पिनर हैं, बल्कि उनकी टीम में स्पिन को अच्छे से खेलने वाले बल्लेबाज भी हैं।
ये भी पढ़ें: महेंद्र सिंह धोनी के ना खेलने से ऑस्ट्रेलिया को जीत का मौका दिखा
टाइम्स ऑफ इंडिया के अपने कॉलम में श्रीकांत ने कहा, “तीन स्पिन गेंदबाजों के साथ, मुझे उम्मीद है कि चेपॉक पिच धीमे गेंदबाजों की मददगार होगी। और यहीं पर गत विजेता टीम बेहद खतरनाक हो जाते हैं। उनके पास स्पिनर्स का सामना करने वाले अच्छे बल्लेबाज हैं और वो जानते हैं कि किस तरह विरोधी बल्लेबाजों को सटीकता के साथ परेशान किया जाता है।”
चेन्नई टीम में रविंद्र जडेजा, हरभजन सिंह, कर्ण शर्मा, इमरान ताहिर और मिचेल सैंटनर जैसे स्पिन गेंदबाज हैं। हालांकि श्रीकांत ने ये भी कहा कि इस सीजन टॉस और ऑलराउंडर खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर भी काफी कुछ निर्भर करेगा।
ये भी पढ़ें: ‘लीग शुरू होने से पहले शानदार लय में हैं डेविड वार्नर’
पूर्व क्रिकेटर ने कहा, “पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम को फायदा जरूर मिलेगा। आखिर में सब कुछ ऑलराउंडर खिलाड़ियों की क्षमता पर निर्भर करेगा। स्थितियों को सही पढ़ना भी अहम होगा और यहां तक कि घरेलू टीम के कप्तान को भी पिच को समझने में एक-दो मैच लग सकते हैं। ये सीजन सबसे खुला हुआ है, जहां सभी आठ टीमें मजबूत लग रही हैं।”