• Home
  • News
  • Chennai Super Kings Beat Kolkata Knight Riders by 32 Runs 4th defeat for Ajinkya Rahane Team

IPL 2026: CSK vs KKR- कोलकाता नाइट राइडर्स की चौथी हार, नूर की फिरकी और कम्बोज की रफ्तार ने किया पस्त

चेन्नई सुपर किंग्स ने अपने गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन के दम पर कोलकाता नाइट राइडर्स को 32 रन से हरा दिया. यह चेन्नई की लगातार दूसरी जीत है.

Edited By : Bharat Malhotra |Apr 14, 2026, 11:39 PM IST

Published On Apr 14, 2026, 11:39 PM IST

Last UpdatedApr 14, 2026, 11:39 PM IST

Noor Ahmed took 3 wickets against kkr

Noor Ahmed took 3 wickets against kkr

स्पिनर नूर अहमद की बेहतरीन गेंदबाजी के दम पर चेन्नई सुपर किंग्स ने इंडियन प्रीमियर लीग के मैच में मंगलवार को कोलकाता नाइट राइडर्स को 32 रन से हरा दिया जो पांच मैचों में उसकी चौथी हार है.

संजू सैमसन (32 गेंद में 48 रन) और आयुष म्हात्रे (17 गेंद में 38 रन) ने पावरप्ले में चेन्नई को दो विकेट पर 72 रन तक पहुंचा दिया था जिसकी मदद से टीम ने पांच विकेट पर 192 रन बनाए. वहीं केकेआर जवाब में 20 ओवर में सात विकेट पर 160 रन ही बना सके.

Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source

नूर की फिरकी ने बिछाया जाल

अफगानिस्तान के स्पिनर नूर ने चार ओवर में 21 रन देकर तीन विकेट लिए. उन्होंने केकेआर के कप्तान अजिंक्य रहाणे (22 गेंद में 28), रिंकू सिंह (छह) और कैमरन ग्रीन (0) को आउट किया. केकेआर का स्कोर एक समय दो विकेट पर 79 रन था जो छह विकेट पर 90 रन हो गया.

बाएं हाथ के स्पिनर अकील हुसैन ने चार ओवर में 26 रन देकर एक विकेट लिया. रहाणे और अंगकृष रघुवंशी (19 गेंद में 27) ने तीसरे विकेट के लिए पांच ओवर में 50 रन की साझेदारी की. दसवें ओवर में रघुवंशी के आउट होने के बाद केकेआर की ओर से कोई बड़ी साझेदारी नहीं हो सकी.

पांच मैचों में केकेआर की चौथी हार, अभी तक जीत से महरूम

शाहरुख खान की टीम ने पहले पांच मैचों में यह चौथी हार है. वहीं चेन्नई लगातार दो मैच जीतकर अपने अभियान को ढर्रे पर लाती दिख रही है. केकेआर के लिए रोवमैन पॉवेल 22 गेंद में 31 रन बनाकर नाबाद रहे जबकि रमनदीप सिंह ने 23 गेंद में 35 रन बनाए लेकिन तब तक मैच उनकी टीम की जद से बाहर निकल चुका था.

इससे पहले केकेआर के गेंदबाजों ने चेन्नई को 200 रन तक नहीं पहुंचने दिया. आफ स्पिनर सुनील नारायण, बाएं हाथ के धीमे गेंदबाज अनुकूल रॉय और वरूण चक्रवर्ती ने उम्दा गेंदबाजी करते हुए पावरप्ले के बाद दस ओवर में सिर्फ 68 रन दिए. नारायण ने चार ओवर में 21 रन देकर एक विकेट लिया जबकि अनुकूल ने तीन ओवर में 21 रन देकर एक विकेट चटकाया. वरुण ने तीन ओवर में 26 रन दिए.

पावरप्ले के बाद 14 ओवरों में चेन्नई की टीम 120 रन ही बना सकी.कार्तिक त्यागी ने चार ओवरों में 35 रन देकर दो विकेट लिए. उन्होंने बल्लेबाजों को खुलकर खेलने नहीं दिया.

डेवाल्ड ब्रेविस ने 29 गेंद में 41 रन बनाए जबकि सरफराज खान ने 18 गेंद में 23 रन का योगदान दिया. चेन्नई की टीम हालांकि इस पिच पर अच्छे स्कोर से 20 रन पीछे रह गई. शुरुआत में सैमसन ने तीन चौके लगाकर अपने तेवर जाहिर किए जिनमें पहले ही ओवर में वैभव अरोड़ा को शानदार चौका शामिल है.

टी20 विश्व कप विजेता कप्तान म्हात्रे ने कैमरन ग्रीन को लगातार दो छक्के लगाए. उन्होंने कपिल देव की तरह ‘नटराज शॉट’ स्क्वेयर लेग के पीछे लगाया और मिडविकेट के ऊपर से गेंद को सीमारेखा के पार पहुंचाया. सैमसन ने त्यागी को स्ट्रेट में छक्का लगाया जबकि गेंदबाज ने 148 . 1 की रफ्तार से आफ कटर पर उन्हें बोल्ड कर दिया.

एजेंसी- भाषा

Bharat Malhotra

Bharat Malhotra

Bharat Malhotra अभी cricketcountry.com की हिंदी टीम को लीड कर रहे हैं. भारत के पास डिजिटल मीडिया में करीब 17 साल का अनुभव है. ज्यादातर वक्त क्रिकेट पर लिखते, समीक्षा करते और समझते हुए बीता है. साल 2008 में IPL के साथ करियर की शुरुआत हुई. तब Iplnewsonline.com की शुरुआती टीम का हिस्सा रहे. इसके बाद हिंदीलोक डॉट कॉम की जिम्मेदारी लंबे वक्त तक अकेले ही संभाली. फिर प्लानमैन मीडिया की TheSundayIndian.com की हिंदी वेबसाइट को लीड किया. भारत मल्होत्रा के सफर का अगला पड़ाव दैनिक जागरण की हेल्थ वेबसाइट ओन्ली माई हेल्थ रहा. यहां करीब ढाई साल तक हिंदी वेबसाइट की अगुआई की. इस दौरान साइट को नए सिरे से तैयार करना. इसके कॉन्टेंट और स्ट्रक्चर में बड़े पैमाने पर सुधार किया. नतीजा, उस दौरान यह हेल्थ के क्षेत्र में भारत की नंबर वन वेबसाइट बनी. यहां संपादकीय के साथ-साथ प्रॉडक्ट, तकनीक और सर्च इंजन ऑप्टिमाइजेशन में भी सहयोग दिया. फरवरी 2015 में भारत मल्होत्रा NBT.in से जुड़े. यहां 7 साल से अधिक समय तक स्पोर्टस टीम के लीड रहे. इस दौरान क्रिकेट वर्ल्ड कप 2019 और फीफा वर्ल्ड कप, टी20 वर्ल्ड कप, कई IPL सीजन, ओलिंपिक 2016 और 2020, एशियन गेम्स, कॉमनवेल्थ गेम्स जैसे बड़े आयोजनों में टीम की अगुआई की.

Editor's Pick