IPL 2023 Auction: चेतेश्वर पुजारा और हनुमा विहारी आईपीएल ऑक्शन में नहीं होंगे शामिल
आईपीएल ऑक्शन के लिए कुल 991 खिलाड़ियों ने रजिस्ट्रेशन कराया था, जिसमें 714 भारतीय और 277 विदेशी खिलाड़ी है.
Published On Dec 06, 2022, 02:17 PM IST
Last UpdatedDec 06, 2022, 02:17 PM IST
IPL 2023 Auction
आईपीएल 2023 के लिए 23 दिसंबर को कोच्चि में मिनी ऑक्शन का आयोजन होना है. आईपीएल ऑक्शन के लिए कुल 991 खिलाड़ियों ने रजिस्ट्रेशन कराया था, जिसमें 714 भारतीय और 277 विदेशी खिलाड़ी है. भारतीय खिलाड़ियों की बात करें तो मयंक अग्रवाल, मनीष पांडेय, केदार जाधव जैसे खिलाड़ियों ने ऑक्शन के लिए रजिस्ट्रेशन कराया था, मगर टीम इंडिया का हिस्सा रहे दो खिलाड़ी ऐसे भी हैं, जिन्होंने आईपीएल ऑक्शन में अपना नाम नहीं दिया है.
जानकारी के मुताबिक चेतेश्वर पुजारा और हनुमा विहारी ने आईपीएल ऑक्शन में अपना नाम नहीं दिया है. चेतेश्वर पुजारा को चेन्नई सुपरकिंग्स ने साल 2021 में उनके बेस प्राइस 50 लाख में खरीदा था, मगर उनको खेलने का मौका नहीं मिला था. पुजारा आईपीएल में कोलकाता नाइटराइडर्स, रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर, पंजाब किंग्स का हिस्सा रह चुके हैं, मगर उन्हें खेलने का ज्यादा मौका नहीं मिला. उन्होंने अपना आखिरी आईपीएल मैच आठ साल पहले साल 2014 में खेला था. 34 साल के पुजारा ने अब तक 30 आईपीएल मैच खेले हैं, जिसमें उनके नाम 390 रन है, जिसमें एक अर्धशतक भी शामिल है. साल 2022 के ऑक्शन में पुजारा नहीं बिक सके थे.
वहीं हनुमा विहारी की बात करें तो वह सनराइजर्स हैदराबाद और दिल्ली कैपिटल्स का हिस्सा रह चुके हैं. उन्होंने 24 आईपीएल मैच खेला है, जिसमें उनके नाम 284 रन है. उन्होंने अपना आखिरी आईपीएल मैच साल 2019 में खेला था. साल 2022 की नीलामी में किसी भी टीम ने उन पर बोली नहीं लगाई थी.
बता दें कि सभी 10 फ्रेंचाइजियों की तरफ से कुल 163 खिलाड़ियों को रिटेन किया गया था और 85 खिलाड़ियों को उनकी टीमों ने रिलीज करने का फैसला किया था, जिसकी वजह से नीलामी में 30 विदेशी समेत कुल 87 खिलाड़ियों का ही चयन हो सकता है.