×

स्थिति के हिसाब से अपना खेल बदलने की क्षमता रखते हैं पुजारा: विराट

भारतीय कप्तान विराट कोहली ने कहा कि रविचंद्रन अश्विन सिडनी टेस्ट से पहली फिट हो जाएंगे।

user-circle cricketcountry.com Written by Cricket Country Staff
Last Published on - December 30, 2018 2:02 PM IST

भारतीय शीर्ष क्रम बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा 2014-15 में ऑस्ट्रेलिया दौरे पर काफी अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाए थे लेकिन कप्तान विराट कोहली का मानना है कि सौराष्ट्र का ये बल्लेबाज टीम की जरूरतों के अनुसार ‘अपने खेल में बदलाव का लचीलापन’ दिखा रहा है जिससे इस बार उन्हें सफलता मिली।

पुजारा 2014-15 सीजन में दक्षिण अफ्रीका, इग्लैंड, न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया दौरे पर काफी अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाए थे लेकिन ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मौजदा टेस्ट सीरीज के तीन मैचों में दो शतक की बदौलत वो 328 अंक के साथ शीर्ष बल्लेबाज हैं।

ये भी पढ़ें: दुनिया के सर्वश्रेष्ठ तेज गेंदबाज हैं जसप्रीत बुमराह

कोहली ने कहा, ‘‘पुजारा तेजी से अपने खेल में बदलाव लाने को लेकर काफी अधिक लचीलापन दिखा रहा है। पिछली बार ऑस्ट्रेलिया दौरे की तुलना में उसने अपने खेल में कुछ बदलाव किए हैं जो उसके लिए अच्छा काम कर रहे हैं। वो इस चीज को स्वीकार कर रहा है कि अगर उसे कुछ कहा गया है तो उसे उन चीजों पर काम करना होगा, वो उन चीजों पर काम कर रहा है।’’

पुजारा की बल्लेबाजी के दूसरे बल्लेबाजों के सकारात्मकता मिलती है

भारत के पास किसी भी हालात में 20 विकेट चटकाने वाला गेंदबाजी अटैक है और ऐसे में पुजारा की भूमिका और अधिक महत्वपूर्ण हो गई है। उन्होंने कहा, ‘‘अब हमारे पास ऐसा गेंदबाजी अटैक है जिस पर हम भरोसा कर सकते हैं कि वो हमें 20 विकेट दिलाएगा और ऐसे में उसकी (पुजारा) भूमिका और महत्वपूर्ण हो जाती है। अगर वो एक छोर संभाले रखता है और बाकी अन्य बल्लेबाज सकारात्मक बल्लेबाजी करते हैं तो हम ऑस्ट्रेलिया के हालात में 350 या 400 के करीब रन बना सकते हैं जो हमें नतीजा हासिल करने के लिए काफी अच्छी स्थिति में पहुंचा देगा।’’

ये भी पढ़ें: भारत ने 137 रन से जीता मेलबर्न टेस्ट, सीरीज में बनाई 2-1 की बढ़त

भारत 1977-78 के बाद ऑस्ट्रेलिया में पहली बार किसी टेस्ट सीरीज में दो टेस्ट जीतने में सफल रहा है लेकिन कप्तान कोहली टीम के प्रदर्शन से हैरान नहीं हैं। भारत ने 41 साल पहले बिशन सिंह बेदी की अगुआई में ऑस्ट्रेलिया में दो टेस्ट जीते थे लेकिन टीम ने सीरीज 2-3 से गंवाई थी।

चोट से उबर रहे हैं अश्विन, सिडनी में खेलने की उम्मीद

कप्तान ने डेब्यू कर रहे मयंक अग्रवाल की धैर्यपूर्ण पारी और हनुमा विहारी के सलामी बल्लेबाज के रूप में ठोस प्रदर्शन की भी तारीफ की। कोहली ने साथ ही बताया कि रविचंद्रन अश्विन काफी अच्छी तरह चोट से उबर रहे हैं और सिडनी में तीन जनवरी से शुरू हो रहे चौथे और अंतिम टेस्ट से पूर्व उनके पूर्ण फिटनेस के करीब पहुंचने की उम्मीद है।

(पीटीआई)