विश्व कप में महेंद्र सिंह धोनी टीम के लिए बड़ी ताकत थे: एमएसके प्रसाद
‘‘मैं स्पष्ट तौर पर कह सकता हूं कि आज तक धोनी सीमित ओवर्स में भारत के सर्वश्रेष्ठ विकेटकीपर और फिनिशर हैं।''
Published On Jul 31, 2019, 05:02 PM IST
Last UpdatedJul 31, 2019, 05:02 PM IST
Virat Kohli and MS Dhoni
भारतीय टीम के चयन, कोच और कप्तान के बारे में मुख्य चयनकर्ता एमएसके प्रसाद ने आलोचकों को करारा जवाब दिया है। अब उन्होंने आईसीसी विश्व कप में पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को टीम में चुने जाने को लेकर उठाए गए सवाल पर अपनी बात रखी है।
प्रसाद से पूछा गया कि क्या धोनी को टीम में रखने के लिए मध्यक्रम के संतुलन से समझौता किया गया, उन्होंने कहा, ‘‘अगर शुरू में विकेट गंवाने के बाद हम विश्व कप सेमीफाइनल (न्यूजीलैंड के खिलाफ) जीत जाते तो फिर जडेजा और धोनी की पारियों को सर्वश्रेष्ठ पारियों में से एक गिना जाता।’’
पढ़ें:- ‘यह गलतफहमी है, अगर आपने ज्यादा खेला है तो ज्यादा ज्ञान होगा’
उन्होंने कहा, ‘‘मैं स्पष्ट तौर पर कह सकता हूं कि आज तक धोनी सीमित ओवर्स में भारत के सर्वश्रेष्ठ विकेटकीपर और फिनिशर हैं। विश्व कप में विकेटकीपर और बल्लेबाज के रूप में धोनी टीम के लिए बड़ी ताकत थे।’’
धोनी ने आईसीसी विश्व कप में 9 मैच खेलकर कुल 273 रन बनाए। जिसमें उनके बल्ले से दो अर्धशतकीय पारी देखने को मिली। पूरे टूर्नामेंट में धोनी की धीमी बल्लेबाजी की आलोचना हुई। उन्होंने विश्व कप के दौरान आठ पारियों में बल्लेबाजी की जिसमें दो में वह नाबाद रहे और उनका स्ट्राइक रेट 87.78 का रहा।
पढ़ें:- दूर की नहीं सोचते तो बुमराह और हार्दिक टेस्ट नहीं खेल पाते : एमएसके
लगातार समिति की दूरदर्शिता पर सवाल उठाए जाने पर प्रसाद ने एक बार फिर से साफ किया कि उनकी वजह से टीम में युवाओं ने जगह बनाई। भविष्य को ध्यान में रखते हुए ही रिषभ पंत जैसे विकेटकीपर को तैयार किया गया।
उन्होंने कहा, ‘‘अगर हम दूरदर्शी नहीं होते तो रिषभ पंत कैसे इतने कम समय में टेस्ट टीम में जगह बना पाते क्योंकि किसी ने नहीं सोचा था कि उन्हें लंबी अवधि के प्रारूप में जगह मिल पाएगी। हम सभी ने देखा कि उसने इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया में विकेट के आगे और विकेट के पीछे अच्छा प्रदर्शन किया।’’