- Home
- News
- Clive Lloyd advocated for the inclusion of Rohit Sharma and Virat Kohli in India’s T20I World Cup squad
T20 WC स्क्वाड में कोहली-रोहित को देखना चाहते हैं वेस्टइंडीज के महान कप्तान
वर्ल्ड कप 2024 में विराट कोहली और रोहित शर्मा को शामिल किए जाने की वकालत करने वालों में अब वेस्टइंडीज के महान कप्तान भी शामिल हो गए हैं.
Published On Jan 12, 2024, 06:43 PM IST
Last UpdatedJan 12, 2024, 06:43 PM IST
PIC- BCCI
सतगाछिया (पश्चिम बंगाल)। वेस्टइंडीज के महान क्रिकेटर क्लाइव लॉयड ने भारत की T20 वर्ल्ड कप टीम में रोहित शर्मा और विराट कोहली को शामिल करने की वकालत करते हुए शुक्रवार को कहा कि इन दोनों का अनुभव अहम रहेगा क्योंकि टीम को सिर्फ युवाओं से भरना समझदारी नहीं है. भारतीय चयनकर्ताओं ने हाल में इन दोनों को अफगानिस्तान के खिलाफ चल रही T20I सीरीज के लिए चुना है जिससे संकेत मिला कि ये दोनों अब भी छोटे प्रारूप की योजनाओं में शामिल हैं. कोहली व्यक्तिगत कारणों से मोहाली में सीरीज के पहले मैच में नहीं खेल पाये थे.
टीम में अनुभव भी जरूरी
बहस चल रही है कि आईसीसी ट्राफी के सूखे के ध्यान में रखते हुए इन दोनों को युवाओं के लिए जगह बनानी चाहिए या खेलना चाहिए. ताजा झटका भारत का पिछले साल नंबर में वनडे विश्व कप फाइनल में आस्ट्रेलिया से हारना रहा. दो बार के वर्ल्ड कप विजेता कप्तान लॉयड ने यहां मीडिया से कहा, ‘‘आप अपनी सर्वश्रेष्ठ टीम चुनना चाहते हो, आप सिर्फ युवा खिलाड़ियों से अपनी टीम नहीं भर सकते. आपको अनुभव भी चाहिए. ’’
यहां सतगाछिया हाई स्कूल के 75वें स्थापना दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के तौर पर पहुंचे लॉयड ने कहा, ‘‘कोहली अब भी सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों में से एक हैं. रोहित बतौर कप्तान काफी अच्छे हैं. इसलिये आप अपनी सर्वश्रेष्ठ टीम चुनो. आपके पास कुछ युवा खिलाड़ी भी होंगे क्योंकि आपके पास यहां बहुत सारे क्रिकेटर हैं और वे उम्रदराज खिलाड़ियों की जगह ले रहे हैं. ’’
गिल और अय्यर फेवरेट
उन्होंने कहा, ‘‘ऐसा ही होना चाहिए. लेकिन मुझे पूरा भरोसा है कि आपकी मजबूत टीम होगी. ’’ भारतीय टीम में अपने पसंदीदा बल्लेबाज के तौर पर लॉयड ने शुभमन गिल और श्रेयस अय्यर को चुनते हुए कहा, ‘‘मुझे गिल पसंद है, वह अच्छा क्रिकेटर लगता है और श्रेयस अय्यर भी. भारत में इस समय काफी क्रिकेटर हैं. ’’
उन्हें हालांकि लगता है कि भारतीय काफी ज्यादा क्रिकेट खेल रहे हैं जिससे खेल में रूचि कम हो सकती है. लॉयड ने व्यस्त अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम के बारे में क्रिकेट समुदाय की चिंता व्यक्त करते हुए कहा,‘‘मुझे लगता है कि टीम काफी अच्छी है और अगर ऐसा ही खेलते रहे तो वे अच्छा करेंगे. लेकिन समस्या यह है कि वे शायदा ज्यादा क्रिकेट खेल रहे हैं जिससे दिलचस्पी कम हो सकती है. ’’