×

'क्रुणाल के प्रदर्शन से खुश लेकिन सुधार की गुंजाइश हमेशा रहेगी'

अपना पहला अंतरराष्ट्रीय मैच खेल रहे 27 साल के क्रुणाल ने नौ गेंद में नाबाद 21 रन बनाये थे।

user-circle cricketcountry.com Written by Cricket Country Staff
Last Published on - November 6, 2018 9:21 AM IST

वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में भारत को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाने वाले हरफनमौला क्रुणाल पांड्या के कोच जितेन्द्र सिंह उनके प्रदर्शन से काफी खुश हैं। अपना पहला अंतरराष्ट्रीय मैच खेल रहे 27 साल के क्रुणाल ने नौ गेंद में नाबाद 21 रन बनाये थे। उनके छोटे भाई हार्दिक पांड्या ने दो साल पहले राष्ट्रीय टीम के लिए डेब्यू किया था।

जितेन्द्र ने पीटीआई को कहा, ‘‘हां, क्रुणाल अच्छा खेला और जरूरत के हिसाब से बल्लेबाजी की। मैं काफी संतुष्ट हूं, हालांकि सुधार की गुंजाइश हमेशा बनी रहेगी। मेरी कोचिंग शिक्षा में मैच को खत्म करने के बारे में भी बताया जाता है।’’

क्रुणाल के साथ हार्दिक को भी कोचिंग देने वाले जितेन्द्र ने कहा, ‘‘एक अच्छा खिलाड़ी वो होता है जो मैच को खत्म करे और आपको यह काम दूसरे पर नहीं छोड़ना चाहिए। उसने रविवार को जैसी पारी खेली वह काफी संतोषजनक थी।’’
जितेन्द्र ने कहा कि क्रुणाल उनके पास आठ वर्षों से कोचिंग ले रहे हैं लेकिन अपने खेल को लेकर पिछले चार वर्षों से ही गंभीर हुए हैं।

क्रुणाल इंडियन प्रीमियर लीग में मुंबई इंडियन्स के लिए अच्छे प्रदर्शन के बाद से सुर्खियों में आये थे। उन्होंने कहा, ‘‘बड़ौदा की टीम अंडर-23 मैच खेल रही थी लेकिन एक मैच के खराब प्रदर्शन के बाद क्रुणाल को टीम से बाहर कर दिया गया था। इसके बाद उन्होंने खेल पर ज्यादा ध्यान देना शुरू किया। जब उन्होंने खेल पर ज्यादा मेहनत करना शुरू किया तो उनका रवैया बदल गया।’’

कृणाल के पिता हिमांशू पांड्या भी उनके प्रदर्शन से काफी खुश हैं। उन्होंने कहा, ‘‘ कृणाल का सपना था कि भारत के लिए खेले, जो पूरा हूआ।’’