'कोहली के पास एमएस धोनी जैसी मैच पढ़ने की काबिलियत नहीं'

धोनी के बचपन के कोच केशव बनर्जी ने कही ये बात

Edited By : Indo-Asian News Service |May 09, 2019, 07:52 PM IST

Published On May 09, 2019, 07:52 PM IST

Last UpdatedMay 09, 2019, 07:52 PM IST

Kohli with Dhoni @AFP

भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली ने कई बार कहा है कि वह भाग्यशाली हैं कि महेंद्र सिंह धोनी उनके साथ हैं। धोनी के बचपन के कोच केशव बनर्जी ने कोहली की बात को दोहराते हुए कहा कि धोनी, कोहली के लिए सबसे सही मेंटर हैं।

पढ़ें: शॉ बोले- चेन्‍नई की चुनौती का सामना करने को दिल्‍ली पूरी तरह तैयार

Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source

केशव ने बातचीत में कहा कि धोनी के रणनीतिज्ञ कौशल का कोई सानी नहीं है और इसलिए जब मैच को पढ़ने तथा रणनीति बनाने की बात आती है तो धोनी इस स्थिति में कोहली के लिए सही मार्गदर्शक हैं।

केशव ने कहा, ‘मैच को पढ़ने और रणनीति बनाने में धोनी जैसा कोई नहीं है और कोहली के पास यह कौशल नहीं है। इसलिए कोहली को जब भी सलाह की जरूरत पड़ती है वह धोनी के पास आते हैं। अगर धोनी भारतीय टीम का हिस्सा नहीं होते तो कोहली की मदद करने के लिए कोई नहीं होता।’

‘वर्ल्‍ड कप में धोनी को नंबर चार पर बल्‍लेबाजी के लिए उतारा जाना चाहिए’

राष्ट्रीय टीम में धोनी के बल्लेबाजी क्रम को लेकर काफी बहस होती रहती है क्योंकि अब धोनी पहले की तरफ फिनिशर के तौर पर सफल नहीं हो पा रहे हैं। केशव को लगता है कि धोनी को नंबर-4 पर आना चाहिए।

पढ़ें: आफरीदी के समर्थन में उतरे अख्‍तर, बोले- सीनियर खिलाड़ियों ने उनके साथ बुरा बर्ताव किया

कोच ने कहा, ‘जब वह नंबर-4 पर बल्लेबाजी करते हैं तो वह समय लेते हैं क्योंकि उनके पास समय होता है। लेकिन जब वह नंबर-5 और नंबर-6 पर बल्लेबाजी करते हैं तो उन्हें आते ही मारना होता है क्योंकि उस समय हर गेंद पर रन की दरकार होती है। तब वह जोखिम लेते हैं। मुझे लगता है कि धोनी को विश्व कप में नंबर-4 पर बल्लेबाजी करनी चाहिए। यह वैसे तो टीम प्रबंधन का फैसला है लेकिन यह मेरी निजी राय है। अगर वह नंबर-4 पर बल्लेबाजी करेंगे तो उनके बाद आने वाले अन्य बल्लेबाज आराम से खेल सकते हैं।’

‘पंत को मौका देना जल्‍दबाजी होगी’

कई क्रिकेट पंडितों को लगता है कि युवा बल्लेबाज रिषभ पंत को विश्व कप में मौका मिलना चाहिए था, लेकिन केशव की राय अलग है। उन्होंने कहा, ‘अभी उन्हें मौका देना जल्दबाजी होगा। भारत के पास अच्छी बेंच स्ट्रैंथ है। उन्हें विश्व कप के बाद मौका मिल सकता है।’

केशव से जब पूछा गया कि क्या धोनी विश्व कप के बाद संन्यास ले लेंगे तो कोच ने कहा, ‘(हंसते हुए) आप उन्हें संन्यास लेते देखना चाहते हैं। आपको देखना चाहिए कि वह कितने फिट हैं। यह अहम बात है। धोनी कब संन्यास लेंगे यह उनकी पत्नी और पिता को भी नहीं पता होगा।’

Editor's Pick