NZ VS SA: साउथ अफ्रीका ने न्यूजीलैंड को 19 रन से हराया, सीरीज में 2-2 की बराबरी
न्यूजीलैंड को मैच और सीरीज जीतने के लिए 165 रन की जरूरत थी, कीवी टीम की बल्लेबाजी साउथ अफ्रीकी गेंदबाजी की सामने लड़खड़ाई गई और 18.5 ओवर में 145 रन पर सिमट गई
Published On Mar 22, 2026, 04:50 PM IST
Last UpdatedMar 22, 2026, 04:50 PM IST
NZ VS SA 4th T20I
NZ VS SA 4th T20I: एस्टरहुइजन के अर्धशतक की मदद से साउथ अफ्रीका ने वेलिंगटन में खेले गए चौथे टी20 में न्यूजीलैंड को 19 रन से हराकर सीरीज में 2-2 की बराबरी कर ली है. 165 रन का लक्ष्य हासिल करने उतरी न्यूजीलैंड 145 रन पर ही सिमट गई. सीरीज का आखिरी मैच 25 मार्च को खेला जाएगा.
न्यूजीलैंड को मैच और सीरीज जीतने के लिए 165 रन की जरूरत थी, कीवी टीम की बल्लेबाजी साउथ अफ्रीकी गेंदबाजी की सामने लड़खड़ाई गई और 18.5 ओवर में 145 रन पर सिमट गई. सलामी बल्लेबाज टिम रॉबिनसन ने सर्वाधिक 32 रन की पारी खेली, डेन क्लीवर ने 26 रन बनाए. इसके अलावा कोई भी बल्लेबाज टिक नहीं सका.
साउथ अफ्रीका के लिए गेराल्ट कोएट्जी ने तीन, ओटेनिल बार्टमैन, पी सुब्रायन और केशव महाराज ने 2-2, और वियान मुल्डर ने 1 विकेट लिए.
कॉनर एस्टरहुइजन ने जड़ा अर्धशतक
साउथ अफ्रीका ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए पांच विकेट पर 164 रन बनाए थे. विकेटकीपर बल्लेबाज कॉनर एस्टरहुइजन ने सर्वाधिक 57 रन की पारी खेली. 36 गेंदों की इस पारी में एस्टरहुइजन ने 3 छक्के और 7 चौके लगाए. इसके अलावा टोनी डे जॉर्जी ने 23, रुबिन हर्मनन ने 28, डियान फोरेस्टर ने 19 और जेसन स्मिथ ने 19 रन बनाए.
न्यूजीलैंड के लिए काइल जैमिसन ने 2, जकारी फॉक्स, बेंजामिन सियर्स और कोले मोकोंची ने 1-1 विकेट लिए. पांचवां और निर्णायक मुकाबला 25 मार्च को क्राइस्टचर्च में खेला जाएगा.
न्यूजीलैंड की महिला टीम ने जीती सीरीज
बता दें कि साउथ अफ्रीका की पुरुष टीम के साथ ही महिला टीम भी 5 टी20 मैचों की सीरीज के लिए न्यूजीलैंड के दौरे पर है. महिला टीम को टी20 सीरीज गंवानी पड़ी है. न्यूजीलैंड ने सीरीज में 3-1 की अजेय बढ़त बना ली है. महिला टीम का भी पांचवां और आखिरी मुकाबला 25 मार्च को क्राइस्टचर्च में ही खेला जाएगा.