IPL 2026: कूपर कॉनली ने पहले ही सीजन में रचा इतिहास, तोड़ा साल 2008 का सनथ जयसूर्या का रिकॉर्ड
पंजाब किंग्स के बल्लेबाज कूपर कॉनली ने अपने पहले ही सीजन में कमाल कर दिया है. उन्होंने साल 2008 के सनथ जयसूर्या के रिकॉर्ड को तोड़ दिया है.
Published On May 18, 2026, 04:46 PM IST
Last UpdatedMay 18, 2026, 04:46 PM IST
कूपर कॉनली ने सनथ जयसूर्या का रिकॉर्ड तोड़ा
पंजाब किंग्स के ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज कूपर कॉनली ने आईपीएल 2026 में एक बड़ा कीर्तिमान बना दिया है. बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने श्रीलंका के सनथ जयसूर्या का रिकॉर्ड तोड़ दिया है. वह आईपीएल के डेब्यू सीजन में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं.
कॉनली का यह पंजाब किंग्स के साथ पहला ही सीजन है. उन्होंने रविवार को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ मैच में उन्होंने 22 गेंद पर 37 रन की पारी खेली. इस पारी में उन्होंने तीन चौके और तीन ही छक्के लगाए. उनका स्ट्राइक-रेट 168.18 का रहा. पंजाब किंग्स की टीम का टॉप ऑर्डर धराशायी हो गया लेकिन कॉनली की पारी ने एक उम्मीद जगाई. पर वह टीम को जीत नहीं दिला पाई. 223 रन के लक्ष्य के जवाब में टीम 8 विकेट पर 199 रन ही बना सकी.
कॉनली इस सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में चोटी पर हैं. उन्होंने 12 पारियों में 473 रन बनाए. उनका औसत 47.30 का है. उनका स्ट्राइक-रेट 162.54 का है. इसमें एक सेंचुरी और दो हाफ सेंचुरी शामिल हैं. उन्होंने अभी तक 32 छक्के और 39 चौके लगाए हैं.
जयसूर्या ने आईपीएल के पहले सीजन 2008 में 31 छक्के लगाए थे. वह उस सीजन में मुंबई इंडियंस की ओर से खेले थे. उस सीजन में वह सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में तीसरे नंबर पर रहे थे. 14 पारियों में उन्होंने 42.83 के औसत से 514 रन बनाए थे. उनका स्ट्राइक-रेट 166.34 का रहा था. इसमें एक सेंचुरी और दो हाफ सेंचुरी थीं. उनका सर्वाधिक स्कोर नाबाद 114 रन था.
IPL के डेब्यू सीजन में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज
| रैंकिंग | बल्लेबाज | टीम | सीजन | छक्के |
| 1 | कूपर कॉनली | पंजाब किंग्स | 2026 | 32* |
| 2 | सनथ जयसूर्या | मुंबई इंडियंस | 2008 | 31 |
| 3 | जैक फेजर मैकगर्क | दिल्ली कैपिटल्स | 2024 | 28 |
| 4 | फिन एलन | कोलकाता नाइट राइडर्स | 2026 | 27 |
| 5 | शॉन मार्श | किंग्स इलेवन पंजाब | 2008 | 26 |
मैच की बात करें तो पंजाब किंग्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया. जैकब बेथल 11 रन बनाए. विराट कोहली ने 37 गेंद पर 58 रन बनाए. इस पारी में उन्होंने चार चौके और तीन छक्के लगाए. देवदत्त पडिक्कल ने चार चौकों और तीन छक्कों की मदद से 25 गेंद पर 45 रन बनाए. दोनों के बीच 76 रन की साझेदारी हुई.
पंजाब किंग्स की टीम के लिए शशांक सिंह ने पारी के अंत में 27 गेंद पर 56 रन बनाकर प्रयास किया लेकिन यह काफी नहीं रहा. टॉप ऑर्डर बुरी तरह नाकाम रहा. प्रियांश आर्या (0), प्रभसिमरन सिंह (2) और कप्तान श्रेयस अय्यर 1 रन बनाकर आउट हुए. सूर्यांश शेगडे ने 22 बॉल पर 35 रन बनाए. माकर्स स्टॉयनिस ने 25 गेंद पर 37 रन बनाए.
पंजाब किंग्स ने टूर्नामेंट की शुरुआत शानदार तरीके से की थी. पहले सात मैचों में टीम एक भी नहीं हारी थी. उसने छह मैच जीते थे और एक मुकाबला रद्द हुआ था. कुल मिलाकर टीम के 13 अंक थे. लेकिन इसके बाद पंजाब अब लगातार छह मैच हार चुकी है. और अब प्लेऑफ में पहुंचने की उसकी राह कठिन हो रही है.