- क्रिकेट न्यूज़
- News
- Coronavirus-Outbreak-Pakistan-PM-Imran-Khan-clears-cricket-team-s-England-tour
कोरोना काल में 29 खिलाड़ियों संग इंग्लैंड का दौरा करेगी पाक क्रिकेट टीम, PM इमरान खान ने दी हरी झंडी
पाकिस्तान की टीम अगस्त और सितंबर में होने वाली तीन टेस्ट और तीन टी20 मैचों की श्रृंखला के लिए इस महीने के अंत में इंग्लैंड रवाना होगी
Published On Jun 16, 2020, 08:59 AM IST
Last UpdatedJun 16, 2020, 08:59 AM IST
कोविड-19 महामारी के बाद किसी देश का दौरा करने वाली वेस्टइंडीज पहली टीम बनी. विंडीज टीम इस समय इंग्लैंड के दौरे पर है. उधर, पाकिस्तान की टीम को भी इस महीने के अंत में इंग्लैंड का दौरा करना है जिसे पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान ने राष्ट्रीय क्रिकेट टीम के इस दौरे को हरी झंडी दिखा दी है.
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के अध्यक्ष अहसान मनी ने इससे पहले इस्लामाबाद में इमरान से मुलाकात की और उन्हें क्रिकेट मामलों की जानकारी दी. इमरान पाकिस्तान क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान भी हैं.
पीसीबी के सूत्र ने कहा, ‘प्रधानमंत्री ने मनी को कहा कि पाकिस्तान टीम को टेस्ट और टी-20 श्रृंखला के लिए इंग्लैंड जाना चाहिए क्योंकि लोग कोरोना वायरस महामारी के बावजूद क्रिकेट और अन्य खेल गतिविधियों को देखना चाहते हैं.’
सूत्र ने कहा कि प्रधानमंत्री ने हालांकि पीसीबी प्रमुख को सुनिश्चित करने को कहा कि इंग्लैंड एवं वेल्स क्रिकेट बोर्ड उचित नियम बनाए जिससे कि इंग्लैंड दौरे पर जाने वाले सभी खिलाड़ियों और अधिकारियों की सुरक्षा और स्वास्थ्य सुनिश्चित हो सके.
पाकिस्तान की टीम अगस्त और सितंबर में होने वाली तीन टेस्ट और तीन टी20 मैचों की श्रृंखला के लिए इस महीने के अंत में इंग्लैंड रवाना होगी.
29 खिलाड़ी और 14 अधिकारी शामिल
दल में शामिल 29 खिलाड़ी और 14 अधिकारी इंग्लैंड पहुंचने के बाद 14 दिन पृथकवास में रहेंगे और इसके बाद तीन से चार हफ्ते जैविक रूप से सुरक्षित वातावरण में बिताएंगे.