- क्रिकेट न्यूज़
- News
- Cricket australia ceo nick hockley tested covid positive 5168009
कोविड-19 की चपेट में आए क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के सीईओ निक हॉकले
इंग्लैंड के मुख्य कोच क्रिस सिल्वरवुड सहित सहयोगी स्टाफ के चार सदस्यों तथा मैच रेफरी डेविड बून का परीक्षण भी पॉजिटिव आया है।
Published On Jan 03, 2022, 02:30 PM IST
Last UpdatedJan 03, 2022, 02:30 PM IST
एशेज सीरीज (Ashes 2021-22) के दौरान कोविड-19 के बढ़ते खतरे के बीच क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (CA) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) निक हॉकले का परीक्षण भी पॉजिटिव आया है। हालांकि इससे मौजूदा सीरीज पर कोई खास प्रभाव नहीं पड़ेगा चूंकि बोर्ड ने सोमवार को कहा कि उनका टीम के खिलाड़ियों से सीधा संपर्क नहीं था।
हॉकले का पूर्ण टीकाकरण हो चुका है लेकिन उनमें कोविड-19 के हल्के लक्षण पाए जाने के बाद पीसीआर परीक्षण किया गया था। टेस्ट पॉजिटिव आने के बाद वो फिलहाल आइसोलेशन में हैं।
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने बयान में कहा, ‘‘क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के बायो सिक्योर बबल प्रोटोकॉल के अनुसार उनका ऑस्ट्रेलियाई पुरुष टेस्ट टीम या अन्य टीमों के साथ किसी भी तरह का सीधा संपर्क नहीं था।’’
हॉकले ने कहा, ‘‘मामूली लक्षण पाए जाने के बाद मैंने तुरंत पीसीआर परीक्षण करवाया और मेरा परीक्षण पॉजिटिव आया है। मैंने तुरंत ही घर में स्वयं को अलग थलग कर दिया है। मेरे परिजनों का परीक्षण नेगेटिव आया है।’’
ऑस्ट्रेलिया के बल्लेबाज ट्रेविस हेड वायरस से संक्रमित होने के कारण अगले मैच में नहीं खेल पाएंगे जबकि इंग्लैंड के मुख्य कोच क्रिस सिल्वरवुड सहित सहयोगी स्टाफ के चार सदस्यों तथा मैच रेफरी डेविड बून का परीक्षण भी पॉजिटिव आया है।
ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज तेज गेंदबाज ग्लेन मैकग्रा का परीक्षण भी पॉजिटिव आया है। ऑस्ट्रेलिया ने पांच मैचों की एशेज सीरीज में अभी इंग्लैंड पर 3-0 की बढ़त बना रखी है।