Ashes में टूटेगा बड़ा रिकॉर्ड, क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया को है बड़ी उम्मीद
एशेज को लेकर क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने बड़ी उम्मीद रखी है. बोर्ड का मानना है कि इस बार बड़ी संख्या में फैंस मुकाबला देखने पहुंचेंगे.
Published On Jul 31, 2025, 06:17 PM IST
Last UpdatedJul 31, 2025, 06:17 PM IST
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के मुख्य कार्यकारी अधिकारी टॉड ग्रीनबर्ग का मानना है कि भारत और इंग्लैंड के बीच चल रही टेस्ट श्रृंखला में रोमांचक मुकाबलों का आगामी एशेज श्रृंखला पर सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा और उन्हें इसमें रिकॉर्ड संख्या में दर्शकों के पहुंचने की उम्मीद है.
ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच एशेज श्रृंखला नवंबर में शुरू होगी. ग्रीनबर्ग को उम्मीद है कि एशेज में बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी (बीजीटी) 2024-25 के दौरान 837,879 कुल दर्शकों की संख्या को पार कर जाएगी.
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया को है बड़ी उम्मीद
ग्रीनबर्ग ने सिडनी मॉर्निंग हेराल्ड से कहा, ‘‘यह शानदार है. एक प्रशंसक के तौर पर यह क्रिकेट (एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी के लिए भारत और इंग्लैंड के बीच खेली जा रही श्रृंखला) देखने लायक है. इसका एशेज पर भी प्रभाव पड़ेगा और हमारे खूब टिकट बिकेंगे.’’
ऑस्ट्रेलियाई इतिहास में एशेज के अलावा भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच श्रृंखला को सबसे अधिक दर्शकों ने देखा. एशेज का रिकॉर्ड 946,750 दर्शकों का है, जो 1936-37 एशेज के दौरान बना था, जब सर डोनाल्ड ब्रैडमैन अपने चरम पर थे.
ग्रीनबर्ग ने कहा, ‘‘मुझे यकीन है कि हमारे अंग्रेज़ दोस्त एशेज देखने के लिए आएंगे. हम इसका बेसब्री से इंतज़ार कर रहे हैं. मुझे उनका क्रिकेट खेलने का तरीका बहुत पसंद है और मैं यह देखने के लिए उत्साहित हूं कि वे हमारे मैदानों पर कैसा प्रदर्शन करते हैं.’’
आपको बता दें कि एशेज का अगला सीजन ऑस्ट्रेलिया में खेला जाना है. इस प्रतिष्ठित सीरीज के लिए दोनों टीम जमकर तैयारियों में लगी हुई है. एशेज का पिछला सत्र ऑस्ट्रेलिया ने जीता था. ऐसे में इस बार इंग्लैंड की टीम वहां जाकर कमाल करना चाहेगी.