×

भारत के आस्ट्रेलिया दौरे पर उठाइए इन व्यंजनों का लुत्फ

भारतीय टीम का ऑस्ट्रेलिया दौरा 12 जनवरी से शुरू हो रहा है।

user-circle cricketcountry.com Written by Indo-Asian News Service
Last Updated on - December 28, 2015 11:21 AM IST

भारतीय क्रिकेटप्रेमी अपने चिरपरिचित अंदाज में खुशी जाहिर करते हुए © Getty Images
भारतीय क्रिकेटप्रेमी अपने चिरपरिचित अंदाज में खुशी जाहिर करते हुए © Getty Images

मेलबर्न। अगले महीने ऑस्ट्रेलिया दौरे पर आ रही भारतीय टीम के प्रशंसकों को यहां क्रिकेट के रोमांच के साथ-साथ अनेकों किस्म के व्यंजनों का भी लुत्फ उठाने का मौका मिलेगा। पर्थ, मेलबर्न और सिडनी में होने वाले मैचों के दौरान क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया(सीए) ‘फील्ड ऑफ फ्लेवर्स’ नाम से एक फूड बाजार की मेजबानी भी करेगा, जिसमें क्रिकेट प्रशंसक पूरी दुनिया के विभिन्न किस्म के व्यंजनों का लुत्फ उठा सकेंगे। भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच सीमित ओवरों वाली यह श्रृंखला 12 जनवरी से शुरू होगी। भारत इस श्रृंखला में तीन टी20 और 5 वनडे मैच खेलेगा।

दुनिया के विभिन्न हिस्सों में देर रात तक चलने वाले खाद्य बाजारों से प्रेरित इस खाद्य उत्सव को प्रख्यात रसोइए पीटर कुरुविटा की मदद से आयोजित किया जा रहा है। फील्ड ऑफ फ्लेवर्स में क्रिकेट प्रशंसक भारतीय, वितयनामी और मेक्सिकन व्यंजनों का लुत्फ उठा सकते हैं। मेलनर्ब और सिडनी में मैचों के दौरान आयोजित इस उत्सव में संगीत, नृत्य और अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति भी होगी।

सीए की ओर से जारी एक वक्तव्य में कुरुविटा के हवाले से कहा गया है कि वह विभिन्न लोकप्रिय खेल आयोजनों के दौरान खाद्य बाजार लगाने के इस अनूठे प्रयोग को लेकर बेहद उत्साहित हैं। कुरुविटा ने कहा, “खेल आयोजनों के दौरान अमूमन प्रशंसकों को खाद्य पदार्थो के ज्यादा विकल्प नहीं मिलते। इसलिए उन्हें कुछ नया परोसने और उनके खाद्य पदार्थो के विकल्प में इजाफा करने का विचार उत्साहजनक है।”

TRENDING NOW

भारतीय टीम पिछले कुछ दिनों से ऑस्ट्रेलिया की तैयारियों के चलते जमकर पसीना बहा रही है। हाल ही में भारतीय क्रिकेट सितारे विजय हजारे ट्रॉफी में नजर आए थे। धोनी ने टूर्नामेंट के अंतिम मैच में धुआंधार बल्लेबाजी करते हुए फॉर्म में वापसी के संकेत दिए हैं जो भारतीय टीम के लिए एक अच्छा संकेत है।