×

अजित पवार के निधन पर क्रिकेट जगत ने भी किया रिएक्ट, सचिन, पठान, रहाणे ने क्या कहा ?

अजित पवार महाराष्ट्र की राजनीति के सबसे प्रभावशाली चेहरों में से एक थे. उनके निधन से राज्य और देश की राजनीति में शोक की लहर दौड़ गई है

user-circle cricketcountry.com Written by Akhilesh Tripathi
Last Updated on - January 28, 2026 3:59 PM IST

महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार का बुधवार को सुबह बारामती में प्लेन क्रैश में निधन हो गया. प्लेन में सवार सभी लोगों की मौत दुर्घटना में हो गई. अजित पवार के निधन के बाद सिर्फ राजनीतिक वर्ग से नहीं, बल्कि समाज के हर वर्ग की तरफ से दुख जताया गया है. भारत के महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर और अजिंक्य रहाणे जैसे दिग्गज क्रिकेटरों ने भी उनके निधन पर शोक जताया है.

सचिन तेंदुलकर ने एक्स पर लिखा, अजित पवार के अचानक निधन के बारे में जानकर बहुत दुख हुआ, महाराष्ट्र ने एक समर्पित नेता खो दिया है, जिसने पूरे राज्य में लोगों के लिए काम किया, उनके परिवार और दोस्तों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं, ओम शांति.

अजिंक्य रहाणे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए अजित पवार के निधन पर शोक जताया है. उन्होंने लिखा, महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार दादा के दुखद निधन से दुखी हूं, मेरी संवेदनाएं उनके परिवार के साथ है.

सार्वजनिक सेवा और महाराष्ट्र के विकास में उनका अहम योगदान: यूसुफ पठान

पूर्व भारतीय क्रिकेटर और TMC सांसद यूसुफ पठान ने कहा, दुखद विमान दुर्घटना में महाराष्ट्र के माननीय उप मुख्यमंत्री अजीत पवार के असामयिक निधन से गहरा दुख हुआ, वह एक समर्पित नेता थे जिन्होंने पूरी प्रतिबद्धता और ईमानदारी के साथ राज्य की सेवा की, सार्वजनिक सेवा और राज्य के विकास में उनके योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा.

भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और तेलंगाना सरकार में सार्वजनिक उद्यम और अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री मोहम्मद अजहरुद्दीन ने X पर पोस्ट किया, अजीत पवार के विमान हादसे की खबर से गहरा सदमा लगा है, मैं उनके परिवार और प्रियजनों के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त करता हूं,ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दे, और उनके परिवार को इस गहरे नुकसान को सहने की शक्ति और साहस मिले.

देश की राजनीति में शोक की लहर

अजित पवार महाराष्ट्र की राजनीति के सबसे प्रभावशाली चेहरों में से एक थे. उनके निधन से राज्य और देश की राजनीति में शोक की लहर दौड़ गई है. अजित पवार का जन्म 22 जुलाई 1959 को महाराष्ट्र के अहमदनगर जिले के देवलाली प्रवरा में हुआ था. अपने चाचा और एनसीपी प्रमुख शरद पवार की उंगली पकड़कर वह राजनीति में आए थे. अजित पवार शरद पवार के बड़े भाई अनंतराव पवार के बेटे थे. उन्होंने बारामती के महाराष्ट्र एजुकेशन सोसायटी हाई स्कूल से शुरुआती पढ़ाई की. कॉलेज के दिनों में उनके पिता का निधन हो गया, जिसके बाद उन्होंने पढ़ाई छोड़ दी और पूरी तरह राजनीति की ओर रुख किया.

23 साल की उम्र में राजनीति में रखा था कदम

अजित पवार ने साल 1982 में, महज 23 साल की उम्र में, राजनीति में कदम रखा. शुरुआत में उन्होंने एक सहकारी चीनी मिल के बोर्ड का चुनाव लड़ा, इसके बाद 1991 में वह पुणे सेंट्रल कोऑपरेटिव बैंक के अध्यक्ष बने और करीब 16 साल तक इस पद पर रहे, उसी साल 1991 में उन्होंने बारामती संसदीय क्षेत्र से लोकसभा चुनाव जीता, लेकिन बाद में यह सीट अपने चाचा शरद पवार के लिए छोड़ दी. इसके बाद शरद पवार केंद्र की राजनीति में सक्रिय हुए और अजित पवार ने महाराष्ट्र की सियासत की कमान संभालनी शुरू की. अजित पवार पहली बार 1995 में बारामती विधानसभा सीट से विधायक चुने गए. इसके बाद उन्होंने 1995, 1999, 2004, 2009, 2014, 2019 और 2024 में लगातार जीत दर्ज की, बारामती पवार परिवार का गढ़ माना जाता है और यहां से उनका गहरा जुड़ाव रहा.

सबसे ज्यादा बार महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री रहे अजित पवार

अजित पवार का नाम उन नेताओं में शामिल है जो सबसे ज्यादा बार महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री बने. महाराष्ट्र सरकार में मंत्री के रूप में उन्होंने कृषि, ऊर्जा, योजना, ग्रामीण विकास और जल संसाधन जैसे अहम विभाग संभाले। कृष्णा घाटी और कोकण सिंचाई परियोजनाओं की जिम्मेदारी भी उनके पास रही. बारामती क्षेत्र के विकास, कृषि ढांचे को मजबूत करने और सहकारी संस्थाओं को आगे बढ़ाने का श्रेय भी उन्हें दिया जाता है।
अजित पवार की शादी 1985 में सुनेत्रा पवार के साथ हुई थी, उनके दो बच्चे पार्थ पवार और जय पवार हैं.