- Home
- News
- Cricket news ajaz patel interview play test at birth place and took 10 wicket haul is special not only for me but for my family also says ajaz patel 5126417
India vs New Zealand: अपनी जन्मभूमि पर टेस्ट मैच खेलना और पारी में 10 विकेट लेना मेरे और मेरे परिवार के लिए बहुत खास: Ajaz Patel
IND vs NZ- Ajaz Patel 10 Wicket haul in Test Inning: मुंबई टेस्ट खत्म होने के बाद एजाज पटेल बोले- यह लम्हा सपना सच होने जैसा है. मेरे और मेरे परिवार के लिए सबसे खास....
Published On Dec 06, 2021, 07:37 PM IST
Last UpdatedDec 06, 2021, 07:37 PM IST
भारत और न्यूजीलैंड के बीच मुंबई टेस्ट मैच न्यूजीलैंड की 372 रन की हार के साथ खत्म हो गया. लेकिन न्यूजीलैंड की इस हार के बावजूद उसके लेफ्टआर्म स्पिनर एजाज पटेल (Ajaz Patel) को टेस्ट क्रिकेट में बेमिसाल प्रदर्शन के लिए हमेशा हमेशा के लिए याद रखा जाएगा. एजाज पटेल ने भारत के खिलाफ पहली पारी में सभी 10 विकेट लेने का कारनामा किया. टेस्ट इतिहास में ऐसा करने वाले वह दुनिया के तीसरे गेंदबाज हैं. इस मैच के बाद इस स्पिन गेंदबाज ने कहा, यह लम्हा मेरे लिए ही नहीं मेरे परिवार के लिए खास है.
एजाज (Ajaz Patel) को खुद को खुशकिस्मत मानते हैं कि वह एक पारी में सभी 10 विकेट लेने वाले तीसरे क्रिकेटर बने. मुंबई में जन्में 33 वर्षीय इस लेफ्टआर्म स्पिनर ने कहा कि अपने जन्मस्थान पर खेलना और इस तरह का ऐतिहासिक प्रदर्शन करना उनके लिए सपना सच होने जैसा है. अपनी इस उपलब्धि के बाद वह भारत के दिग्गज ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन (Ravichandran Ashwin) को एक खास इंटरव्यू दे रहे थे.
https://twitter.com/BCCI/status/1467813592187629570?s=20
इस इंटरव्यू में उन्होंने कहा, ‘यह मेरे लिए खास मैच था. यहां आकर वानखेड़े स्टेडियम पर खेलना और इस तरह का प्रदर्शन करना बहुत खास था. मेरे लिए ही नहीं बल्कि मेरे परिवार के लिए भी.’
उन्होंने कहा, ‘मैं खुद को भाग्यशाली मनता हूं. ईश्वर का शुक्र है कि मुझे यह मौका मिला. मैंने बस लंबे समय तक गेंद को सही दिशा में डालने की कोशिश की. स्पिनरों को कई बार अतिरिक्त प्रयास करने पड़ते हैं. मैने तीन दिन में 72 या 73 ओवर डाले और मैं बुरी तरह थक गया था.’
पटेल ने स्वीकार किया कि भारतीय बल्लेबाजों ने उन पर काफी दबाव डाला. भारतीय मूल के इस कीवी स्पिन गेंदबाज ने कहा, ‘यह बड़े मैच खेलने की बात थी, जब विकेट आपके अनुकूल हो और उससे मदद मिल रही है. भारतीय बल्लेबाज स्पिन को बखूबी खेलते हैं और मुझ पर काफी दबाव बनाया. अगर एक भी गेंद पर मैं चूक जाता तो आप लोग हावी हो जाते. यह दिमाग का खेल था और अपने कौशल पर भरोसा रखने की बात थी.’
अश्विन ने पटेल की तारीफ करते हुए उन्हें भारतीय खिलाड़ियों के हस्ताक्षर वाली जर्सी सौंपी. उन्होंने कहा, ‘एक मध्यमवर्गीय भारतीय परिवार, माता पिता न्यूजीलैंड में जा बसे और पिता ने वर्कशॉप शुरू की. पटेल का यह सफर यादगार रहा है. अगर वह तेज गेंदबाज होते तो शायद यहां नहीं होते.’
अपने करियर की शुरुआत तेज गेंदबाज के तौर पर करने के बाद पटेल ने स्पिन का रुख किया था. उनका कहना है कि भारत के खिलाफ उन्होंने सिर्फ लंबे समय तक सही दिशा में गेंद डालने की कोशिश की थी.