IPL Auction 2022: कोरोना के कारण खिलाड़ियों की नीलामी के लिए तारीख और स्थान बदलेगा BCCI!

BCCI ने फरवरी के दूसरे सप्ताह में खिलाड़ियों का मैगा ऑक्शन बेंगलुरु में तय किया था. लेकिन कोरोना की नई लहर को देखते हुए इसमें बदलाव के आसार हैं.

Edited By : India.com Staff |Jan 05, 2022, 02:33 PM IST

Published On Jan 05, 2022, 02:33 PM IST

Last UpdatedJan 05, 2022, 02:33 PM IST

IPL Auction 2022: भारत में कोरोना वायरस (Coronavirus in India) ने एक बार फिर लहर का रूप ले लिया है. इसे तीसरी लहर के तौर पर देखा जा रहा है. ऐसे में क्रिकेट से जुड़ी कई गतिविधियों पर ब्रेक लग रहा है. मंगलवार को ही बीसीसीआई (BCCI) ने अपने घरेलू क्रिकेट में रणजी ट्रॉफी समेत कई बड़े टूर्नामेंट को स्थगित कर दिया है. अब आईपीएल की नीलामी (IPL 2022 Mega Auction) भी स्थगित होती दिख रही है. बीसीसीआई ने इस मैगा ऑक्शन के लिए बेंगलुरु शहर तय किया था, जिसके फरवरी के दूसरे सप्ताह में होने के आसार थे. लेकिन राज्य में कोरोना वायरस की नई पाबंदियों को देखते हुए इसमें बदलाव के आसार हैं.

पहले देश में कोरोना वायरस की स्थिति नियंत्रण में थी, तब बीसीसीआई ने 12 और 13 फरवरी को बेंगलुरु में आयोजित कराने का फैसला लिया था. स्पोर्ट्स वेबसाइट इनसाइड स्पोर्ट्स के मुताबिक, बीसीसीआई ने ‘प्लान बी’ पर तैयारियां शुरू कर दी हैं. वह फिलहाल वेट एंड वॉच की स्थिति में भी है क्योंकि कर्नाटक सरकार ने अभी तक कोरोना को लेकर कोई नई गाइडलाइन फिलहाल जारी नहीं की है.

Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source

बीसीसीआई के एक अधिकारी ने इनसाइडस्पोर्ट्स को बताया, ‘कुछ चीजें हमारे हाथ में नहीं हैं और हमें इंतजार करना होगा. अगर हमें पाबंदियों का आइडिया है तब हमारे लिए बुकिंग और बाकी चीजों के इंतजाम करना हमारे लिए कोई मसला नहीं होगा. हम स्थिति पर करीबी नजरें बनाए हुए हैं और राज्य संघों के साथ संपर्क में हैं. अगर हमें स्थान बदलने की जरूरत होती है तो हमें यह कम समय में ही तय करना होगा.’

बीसीसीआई ने इस साल से ही दुनिया की इस सबसे बड़ी टी20 क्रिकेट लीग में दो नई टीमों को जोड़ा है. अब इस सीजन से इस लीग में 8 की बजाए 10 टीमें हिस्सा लेंगी. बोर्ड ने पहले ही नीलामी के आधार पर लखनऊ और अहमदाबाद की नई टीमों को इस लीग से जोड़ लिया है. दोनों टीमों के पास ड्राफ्ट में से चुने गए तीन खिलाड़ियों का ऐलान करने के लिए क्रिसमस तक का समय है. बीसीसीआई उन्हें अतिरिक्त समय दे सकता है क्योंकि सीवीसी को अभी मंजूरी नहीं मिली है.

इससे पहले खबरे थीं कि इस बार भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) इस नीलामी का आयोजन यूएई में कर सकता है लेकिन बोर्ड की फिलहाल ऐसी कोई योजना नहीं है. कोविड- 19 के कारण दुनिया भर में एक बार फिर नई पाबंदियां शुरू हो रही हैं. ऐसे में बोर्ड चाहेगा कि इस नीलामी को वह देश में ही आयोजित किया जाए.

Editor's Pick