- क्रिकेट न्यूज़
- News
- Cricket news bcci will come back to you with revised plan sourav ganguly 5173395
बोर्ड संशोधित योजना बनाएगा, टूर्नामेंट स्थगित होने के बाद Sourav Ganguly ने तोड़ी चुप्पी
रणजी ट्रॉफी और सीके नायुडू ट्रॉफी इस महीने शुरू होनी थी जबकि सीनियर महिला टी20 लीग फरवरी में आयोजित होती, लेकिन ऐसा ना हो सका.
Published On Jan 06, 2022, 03:08 PM IST
Last UpdatedJan 06, 2022, 03:08 PM IST
देश में बढ़ते कोरोना मामलों के बीच भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) को रणजी ट्रॉफी समेत कुछ बड़े टूर्नामेंट स्थगित करने का फैसला लेना पड़ा है. महामारी के कारण 2020-2021 का सत्र भी आयोजित नहीं हो सका था. रणजी ट्रॉफी (Ranji Trophy) इस महीने के अंत में शुरू होनी थी, लेकिन ऐसा नहीं हो सका.
बीसीसीआई अध्यक्ष सौरव गांगुली (Sourav Ganguly) ने राज्य इकाईयों को आश्वस्त किया कि बोर्ड ‘‘कोविड-19 के बढ़ने से उत्पन्न हुई परिस्थितियों के नियंत्रण में आने के बाद घरेलू सत्र को दोबारा शुरू करने के लिये सबकुछ करेगा. ’’ गांगुली ने राज्य संघों को लिखे एक पत्र में कहा, ‘‘आप इस बात से वाकिफ ही हो कि हमें कोविड-19 हालात के खराब होने के कारण मौजूदा घरेलू सत्र को रोकना पड़ा.’’
रणजी ट्रॉफी और सीके नायुडू ट्रॉफी इस महीने शुरू होनी थी जबकि सीनियर महिला टी20 लीग फरवरी में आयोजित होती. गांगुली ने सभी राज्य इकाईयों के अध्यक्षों और सचिवों को लिखे मेल में कहा, ‘‘कोविड-19 मामले तेजी से बढ़ रहे हैं और कई टीमों में कई पॉजिटिव मामले सामने आए. इससे खिलाड़ियों, अधिकारियों और टूर्नामेंट को चलाने से संबंधित अन्य लोगों के स्वास्थ्य के लिये खतरा पैदा हो गया. ’’
गांगुली ने कहा कि घरेलू सत्र को दोबारा शुरू करने के लिये बोर्ड सबकुछ करेगा. उन्होंने कहा, ‘‘बीसीसीआई आश्वस्त करना चाहेगा कि जैसे ही कोविड-19 हालात काबू में आते हैं, बोर्ड घरेलू सत्र को फिर से शुरू करने के लिये सबकुछ करेगा. ’’
गांगुली ने कहा, ‘‘हम इस सत्र के बचे हुए टूर्नामेंट आयोजित करने के लिये प्रतिबद्ध हैं. बोर्ड संशोधित योजना के साथ जल्द ही आपके पास वापस आयेगा. मैं आपके सहयोग और परिस्थितियों को समझने के लिये आपका शुक्रगुजार हूं. अपना ध्यान रखिये और सुरक्षित व स्वस्थ रहिये. ’’
बंगाल टीम के सात सदस्य और भारतीय आल राउंडर शिवम दुबे के साथ मुंबई टीम के वीडियो विश्लेषक रणजी ट्राफी के शुरू होने से पहले कोविड-19 पॉजिटिव पाये गये थे जिसे 13 जनवरी से शुरू होना था.