- क्रिकेट न्यूज़
- News
- Cricket news cheteshwar pujara is in selectors contention for england tour two different team for south africa and england 5401486
टीम इंडिया में Cheteshwar Pujara की वापसी की योजना बना रहे हैं चयनकर्ता, रहाणे की राहें नहीं हैं आसान
चेतेश्वर पुजारा ने इंग्लिश काउंटी में ससेक्स की तरफ से खेलते हुए बैक टू बैक तीन शतक जड़े जिसमें दो दोहरे शतक भी शामिल हैं.
Published On May 19, 2022, 04:21 PM IST
Last UpdatedMay 19, 2022, 04:21 PM IST
भारतीय टीम (Team India) से बाहर किए गए टेस्ट क्रिकेट में टॉप ऑर्डर बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा (Cheteshwar Pujara) की वापसी का रास्ता साफ नजर आ रहा है. इंग्लिश काउंटी क्रिकेट में दो दोहरे शतक लगाने वाले पुजारा को चयनकर्ता इंग्लैंड दौरे के लिए टेस्ट टीम में जगह देने का मन बना चुके हैं. इनसाइड स्पोर्ट्स वेबसाइट के मुताबिक चेतेश्वर पुजारा को इंग्लैंड के खिलाफ एकमात्र टेस्ट मैच खेलने के लिए स्क्वाड का हिस्सा बनाया जाएगा. चोटिल अजिंक्य रहाणे के लिए फिलहाल टीम में वापसी का कोई स्कोप नहीं है.
पुजारा कभी योजना से बाहर नहीं थी!
चयनसमिति के एक सदस्य ने वेबसाइट से कहा, “पुजारा कभी भी हमारी योजना से बाहर नहीं थे. उन्हें बस अपनी फॉर्म वापस पाने के लिए कहा गया था, जों उन्होंने इंग्लैंड के काउंटी क्रिकेट में करके भी दिखाया. हालांकि उनके यह शतक काउंटी क्रिकेट के सेकेंड डिवीजन में आए हैं लेकिन इंग्लिश कंडीशन में सीमर्स का सामना करना इतना भी आसान नहीं है. अब यह टीम मैनेजमेंट के ऊपर है कि उन्हें प्लेइंग-11 में मौका दिया जाता है या नहीं.”
होगा दो अलग टीमों का चयन
रिपोर्ट में बताया गया कि साउथ अफ्रीका के खिलाफ सीरीज और इंग्लैंड दौरे के लिए बिलकुल अलग दो टीमों का चयन किया जाएगा. साउथ अफ्रीका के खिलाफ भारत शिखर धवन की कप्तानी में खेल सकता है. जिसमें दिनेश कार्तिक और हार्दिक पांड्या की भारतीय टीम में वापसी होगी. रुतुराज गायकवाड़ और संजू सैमसन भी इस टीम का हिस्सा होंगे. यही टीम आयरलैंड के खिलाफ दो टी20 मैच भी खेल सकती है.
आईपीएल के बाद विराट कोहली, रोहित शर्मा, केएल राहुल, जसप्रीत बुमराह, रिषभ पंत को आराम देने की योजना है. 15 जून को टीम इंग्लैंड दौरे के लिए भारत से निकलेगी. इस दौरान उन्हें आराम दिया जाएगा. एक अगस्त से होने वाले टेस्ट मैच से पहले भारत इंग्लैंड की धरती पर एक चार दिवसीय प्रैक्टिस मैच भी खेलेगा. 23 मई को चयनसमिति साउथ अफ्रीका दौरे के लिए टीम का चयन करने के लिए बैठक करेगी.