- क्रिकेट न्यूज़
- News
- Cricket news covid surge in new zealand but no change in icc women s world cup schedule and venues 5210359
ICC Women World Cup 2022: न्यूजीलैंड में फैला ओमिक्रोन लेकिन वर्ल्ड कप कार्यक्रम में कोई बदलाव नहीं
न्यूजीलैंड में कोरोना वायरस का नया वैरिएंट ओमिक्रोन तेजी से फैल रहा है. लेकिन इसके बावजूद महिला वर्ल्ड कप के कार्यक्रम या स्थलों की संख्या में कोई बदलाव नहीं होगा.
Published On Jan 28, 2022, 04:04 PM IST
Last UpdatedJan 28, 2022, 04:04 PM IST
ICC Women World Cup 2022: न्यूजीलैंड आईसीसी महिला वर्ल्ड कप (ICC Women World Cup 2022) की मेजबानी के लिए तैयार है. यहां मार्च में इस टूर्नामेंट का आयोजन होना है. लेकिन इस देश में कोरोना वायरस (Coronavirus in New Zealand) का नया वैरिएंट ओमिक्रोन तेजी से फैल रहा है. लेकिन इसके बावजूद टूर्नामेंट के कार्यक्रम या स्थलों की संख्या में कोई बदलाव नहीं होगा. आईसीसी की महिला वनडे वर्ल्ड कप की चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर (CEO) आंद्रिया नेल्सन ने शुक्रवार को यह साफ कर दिया.
महिला विश्व कप का आयोजन इसी साल 4 मार्च से न्यूजीलैंड में कराया जाना है, जिसमें टूर्नामेंट के शुरुआती मैच में मेजबान का सामना वेस्टइंडीज से होगा. न्यूजीलैंड में हालांकि हाल में कोविड-19 के मामलों में बढ़ोतरी आई है, जिससे कई पाबंदियां भी लगाई गई हैं.
नेल्सन ने कहा, ‘हम यहां पिछले कुछ समय से 2022 में वर्ल्ड कप की मेजबानी की तैयारी कर रहे हैं, जिसे पहले 2021 में कराया जाना था. हम निर्धारित समय के अनुसार ही चल रहे हैं और तौरंगा में शुरुआती मैच से 35 दिन और क्राइस्टचर्च में हेगले ओवल में फाइनल से 66 दिन दूर हैं.’
उन्होंने शुक्रवार की सुबह चुनिंदा पत्रकारों के ग्रुप से कहा, ‘पहली बात तो टूर्नामेंट का कार्यक्रम वही है और जिसमें न्यूजीलैंड में कई स्थल पर मैच खेले जाने हैं.’
उन्होंने कहा, ‘हम जैव सुरक्षित माहौल के बारे में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) के साथ काम कर रहे हैं. लेकिन टूर्नामेंट योजनानुसार पूरे देश में ही आयोजित किया जाएगा.’
न्यूजीलैंड क्रिकेट ने गुरुवार को कोविड-19 संक्रमण के जोखिम को कम करने के लिए कुछ पुरुष और महिला टूर्नामेंट में कुछ बदलाव की घोषणा की थी ताकि टीमों को ज्यादा यात्रा नहीं करनी पड़ें.
पर महिला वर्ल्ड कप के लिए कोई बदलाव नहीं किया जाएगा, जिसके मैच छह स्थल तौरंगा, डुनेडिन, हैमिल्टन, वेलिंग्टन, ऑकलैंड और क्राइस्टचर्च में ही खेले जाएंगे.
(इनपुट: भाषा)