This website uses cookies so that we can provide you with the best user experience possible. Cookie information is stored in your browser and performs functions such as recognising you when you return to our website and helping our team to understand which sections of the website you find most interesting and useful.
क्रिकेट वेस्टइंडीज उठाने जा रहा बड़ा कदम, चयन समिति में होगा बदलाव
सीडब्ल्यूआई के अनुसार जब तक उन्हें नए चयनकर्ता नहीं मिल जाते, तब तक एक अंतरिम चयन पैनल का गठन किया गया है.
Written by India.com Staff
Last Published on - December 19, 2021 4:44 PM IST

क्रिकेट वेस्टइंडीज (CWI) ने बड़ा कदम उठाने का फैसला लिया है. बोर्ड अपनी चयन समीति में बदलाव करने जा रहा है, जिसकी आधिकारिक घोषणा कर दी गई है. मुख्य चयनकर्ता रोजर हार्पर (Roger Harper) और उनके सहयोगी माइल्स बसकोम्बे (Miles Bascombe) का कार्यकाल 31 दिसंबर को समाप्त हो जाएगा. बोर्ड के मुताबिक पैनल में कुछ नए अधिकारियों की भर्ती की जाएगी.
सीडब्ल्यूआई ने यह भी कहा कि जब तक उन्हें नए चयनकर्ता नहीं मिल जाते, तब तक एक अंतरिम चयन पैनल का गठन किया गया है. सीडब्ल्यूआई ने एक बयान में कहा, “एक चयन पैनल की स्थापना की गई है, जिसमें मुख्य कोच फिल सिमंस के साथ-साथ संबंधित सदस्य शामिल हैं. सीडब्ल्यूआई के क्रिकेट निदेशक जिमी एडम्स इस प्रक्रिया की देख-रेख करेंगे.”
वेस्टइंडीज टीम के लिए पिछले कुछ महीने अच्छे रहे हैं. लेकिन, हाल ही में पाकिस्तान से बुरी तरह से सीरीज हार गए थे जिसमें उन्होंने एक भी मैच नहीं जीते थे. साथ ही टी20 विश्वकप के नॉकआउट तक पहुंचने में टीम विफल रही थी.
जिमी एडम्स ने कहा “हम सीनियर चयन पैनल के सदस्य के रूप में पिछले दो वर्षों में वेस्टइंडीज क्रिकेट को उनके काम और समर्पित सेवाओं के लिए रोजर और माइल्स को धन्यवाद देना चाहते हैं. अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए वेस्टइंडीज की टीमों का चयन करना एक बहुत ही चुनौतीपूर्ण काम है.” निवर्तमान मुख्य चयनकर्ता हार्पर ने भी इस निर्णय को स्वीकार किया.
TRENDING NOW
उन्होंने कहा “मैं मुख्य चयनकर्ता की भूमिका में वेस्टइंडीज क्रिकेट की सेवा करने के अवसर के लिए सीडब्ल्यूआई को धन्यवाद देना चाहता हूं और मैं संगठन को भविष्य के लिए शुभकामनाएं देता हूं.”
बता दें कि वेस्टइंडीज की टीम पाकिस्तान दौरे पर टी20 सीरीज 0-3 से गंवा चुकी है, जिसके बाद कोरोना के चलते वनडे सीरीज को स्थगित करने का फैसला लिया गया है. वेस्टइंडीज की अगली सीरीज जमैका के सबीना पार्क में आयरलैंड के खिलाफ होगी. जहां वे 8, 11 और 14 जनवरी को तीन मैचों की वनडे सीरीज और 16 जनवरी को टी20 खेलेंगे.
