Gautam Gambhir में कोरोना के हल्के लक्षण, टेस्ट पॉजिटिव, संपर्क में आए लोगों से की अपील
गौतम गंभीर ने आज सुबह ट्वीट कर जानकारी दी कि वह हल्के लक्षणों के बाद कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं. उनके संपर्क में आए लोग भी अपनी जांच करवा लें.
Published On Jan 25, 2022, 11:16 AM IST
Last UpdatedJan 25, 2022, 11:16 AM IST
Gautam Gambhir Tests Covid 19 Positive: भारतीय टीम के पूर्व ओपनिंग बल्लेबाज और पूर्वी दिल्ली से भाजपा सांसद गौतम गंभीर (Gautam Gambhir) कोरोना वायरस के हल्के लक्षणों के बाद कोरोना टेस्ट में पॉजिटिव पाए गए हैं. गंभीर ने खुद को सेल्फ आइसोलेट कर लिया है और अपने संपर्क में आए लोगों से भी अपना टेस्ट करवाने की अपील की है. गंभीर ने अपने टि्वटर हैंडल पर ट्वीट कर इसकी जानकारी दी.
उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा, ‘हल्के लक्षणों का अनुभव करने के बाद, आज मेरा कोविड टेस्ट पॉजिटिव आया है. जो लोग मेरे संपर्क में आए हैं, सभी से निवेदन करता हूं कि वे भी अपना टेस्ट करवा लें.’ सुरक्षित रहें.
बता दें 40 वर्षीय गौतम गंभीर (Gautam Gambhir) हाल ही में भारत के साउथ अफ्रीका दौरे के दौरान स्टार स्पोर्ट्स पर वर्चुअल माध्यम से कॉमेंट्री पैनल का हिस्सा थे. वह इस दौरान मैच से पहले और मैच के बाद इस क्रिकेट प्रसारक चैनल पर एक्सपर्ट के तौर पर भारतीय टीम के खेल की समीक्षा भी कर रहे थे और भारतीय टीम के हर बड़े घटनाक्रम पर अपनी बेबाक राय रख रहे थे.
https://twitter.com/GautamGambhir/status/1485834441654083585?s=20
इसके अलावा गंभीर एक बार फिर आईपीएल से जुड़ गए हैं. आईपीएल (IPL 2022) के नए सीजन में जुड़ी नई दो टीमों से लखनऊ सुपरजायंट्स के साथ गंभीर ने बतौर मेंटॉर अपनी नई पारी शुरू की है. केएल राहुल (KL Rahul) की कप्तानी वाली इस नई टीम में गौतम गंभीर (Gautam Gambhir) अपने दो आईपीएल खिताब जीतने का अनुभव टीम के साथ साझा करेंगे.
भारतीय टीम के लिए 58 टेस्ट, 147 वनडे और 37 टी20 इंटरनेशनल मैच खेलने वाले इस लेफ्टहैंडल बल्लेबाज ने कुल 20 शतकों के साथ 10,324 इंटरनेशनल रन अपने नाम किए. वह 2007 टी20 वर्ल्ड कप और 2011 वनडे वर्ल्ड विजेता टीम के सदस्य रहे. उन्होंने इन दोनों टूर्नामेंट के फाइनल मैचों में निर्णायक पारियां खेलकर भारत की जीत में अपनी अहम भूमिका निभाई.
आईपीएल में गंभीर के अनुभव की बात करें तो गंभीर आईपीएल में दो टीमों के लिए दिल्ली डेयरडेविल्स (अब दिल्ली कैपिटल्स) और कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के लिए कुल 154 मैच खेले. इस दौरान उन्होंने 36 हाफ सेंचुरियों की बदौलत कुल 4218 रन अपने नाम किए. उन्होंने अपनी कप्तानी में कोलकाता नाइट राइडर्स को दो बार चैंपियन भी बनाया.