- क्रिकेट न्यूज़
- News
- Cricket news gt vs mi rohit sharma looks satisfy and relief as daniel sams stop gujarat titans in final over 5378323
IPL 2022- GT vs MI: Rohit Sharma के चेहरे पर संतोष और राहत- सेम्स के एक ओवर ने यूं थामी गुजरात की रफ्तार
गुजरात टाइटन्स की बल्लेबाजी देखकर यह मुश्किल नहीं लग रहा था कि वह आखिरी ओवर में 9 रन न बना पाएं. लेकिन डेनियल सैम्स ने उसे कामयाब नहीं होने दिया.
Published On May 07, 2022, 12:08 AM IST
Last UpdatedMay 07, 2022, 12:08 AM IST
क्रिकेट में चंद पल में मुकाबले बदलते हैं. और टी20 में यह और भी तेजी से होता है. मुंबई इंडियंस (MI) और गुजरात टाइटंस (GT) के बीच हुए आईपीएल (IPL 2022) के मुकाबले में ऐसा ही कुछ हुआ. गुजरात को आखिरी ओवर में जीत के लिए 9 रन चाहिए थे. क्रीज पर राहुल तेवतिया और डेविड मिलर थे. दोनों आक्रामक बल्लेबाज. ऐसे में जीत गुजरात की जीत तय लग रही थी. लेकिन क्रिकेट इसी का नाम है. डेनियल सेम्स ने कमाल का ओवर फेंका और मुंबई को जीत दिला दी. इस ओवर में उन्होंने सिर्फ तीन रन दिए. देखिए, कैसे बॉल-दर-बॉल सेम्स ने गुजरात पर शिकंजा कसा.
19.1- बाएं हाथ के डेनियल सेम्स ने ओवर द विकेट शुरुआत की. सामने थे डेविड मिलर. इस गेंद पर सिर्फ एक रन बना. स्लोअर गेंद सेम्स की ताकत है और उन्होंने लेंथ गेंद फेंकी और मिलर ने उसे डीप-पॉइंट की ओर कट किया.
19.2- कोई रन नहीं. स्लो और बल्लेबाज से दूर. राहुल तेवतिया ने गेंद को खेलने के लिए पूरी तैयारी की. उन्होंने गेंद पर आक्रामक प्रहार करना चाहा लेकिन गेंद उनकी पहुंच से दूर थी. तेवतिया ने उम्मीद भरी नजरों से अंपायर को देखा. उन्हें उम्मीद थी कि अंपायर के हाथ खुलेंगे और वह इसे वाइड देंगे. लेकिन गेंद लाइन से जरा सा अंदर थी. सही फैसला.
19.3- तेवतिया रन आउट
तेवतिया ने लेंथ गेंद को मिड-विकेट की ओर पुल किया. दूसरा रन थोड़ा मुश्किल था लेकिन बल्लेबाजों ने इसे लेने का जोखिम उठाने का फैसला किया. तिलक वर्मा अपनी दाईं ओर दौड़े और गेंद को उठाकर सीधा विकेटकीपर ईशान किशन के हाथों में थ्रो किया. किशन ने विकेट गिराने में देर नहीं की. अब तीन गेंद पर 7 रन चाहिए थे. मुकाबला कहीं भी जा सकता था.
19.4- क्रीज पर उतरे राशिद खान. लेग स्पिनर गेंदबाज बल्ले से भी जौहर दिखा सकता है. यह बात रोहित ऐंड कंपनी अच्छी तरह जानती है. ऑफ स्टंप के बाहर कटर थी. राशिद ने बड़ा शॉट खेलना चाहा. गेंद की रफ्तार धीमी थी और इसी वजह से टाइमिंग खराब हुई. गेंद हवा में ऊंची गई. सेम्स ने पीछे दौड़ लगाते हुए गेंद को कैच करना चाहा लेकिन वह उस तक पहुंच नहीं पाए. नतीजा, एक रन.
दो गेंद पर छह रनों की जरूरत. गुजरात के बल्लेबाज पहले भी इस स्थिति से टीम को निकाल चुके थे.
19.5 सेम्स मिलर को
फुल-वाइड और स्लो… इन्हीं खूबियों वाली गेंद ने इस ओवर में सेम्स का साथ दिया है. सेम्स के इस मिश्रण को गुजरात के बल्लेबाज इस ओवर में पकड़ नहीं पाए हैं. मिलर इस गेंद को लेग साइड में खेलने की कोशिश कर सकते थे. शायद… कुछ फायदा होता. लेकिन अब सारी बात आखिरी गेंद पर आकर ठहर गई है.
एक गेंद छह रन… क्या मिलर करेंगे तेवतिया वाला काम.
19.6- एक और स्लोअर गेंद और ऑफ स्टंप के बाहर, कटर… लगभग फुलटॉस और मिलर के आर्क और वी से दूर. तो गेंद न तो आउट ऑफ द पार्क गई और न ही ट्री पर. गेंद गई ईशान किशन के दस्तानों में.
मुंबई ने मुकाबला 5 रन से जीत लिया.
गुजरात ने टॉस जीता और मुंबई को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया. ईशान किशन (45), टिम डेविड (44) और कप्तान रोहित शर्मा (43) की पारियों की मदद से उसने छह विकेट पर 177 रन बनाए. जवाब में गुजरात की टीम शुभमन गिल और ऋद्धिमान साहा की शतकीय सलामी साझेदारी के बावजूद 5 विकेट पर 172 रन ही बना सकी.
मुंबई हालांकि प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो चुकी है लेकिन यह जीत उसके लिए राहत भरी है. वहीं गुजरात की यह लगातार दूसरी और कुल तीसरी हार है.