- Home
- News
- Cricket news icc chief greg barclay says it will be challenge to convince india tour of pakistan to play champion trophy 2025 5106293
चैंपियन ट्रॉफी 2025 के लिए क्या पाकिस्तान जाएगा भारत, ICC Chief बोले- BCCI को मानना बड़ी चुनौती
आईसीसी चीफ ने कहा कि दो देशों के बीच अंतरराष्ट्रीय संबंध हमारे हाथ में नहीं हैं.
Published On Nov 23, 2021, 09:30 AM IST
Last UpdatedNov 23, 2021, 09:30 AM IST
आईसीसी ने (ICC) हाल के दिनों में ही पड़ोसी देश पाकिस्तान को चैंपियन ट्रॉफी 2025 (Champion Trophy 2025) की मेजबानी सौंपी है. दो दशक से अधिक समय पहले पाकिस्तान ने आखिरी बार अपने देश में आईसीसी इवेंट कराया था. ऐसे में पाकिस्तान इसे अपनी बड़ी जीत मान रहा है. मौजूदा हालातों में भारत का पाकिस्तान दौरा असंभव नजर आता है. आईसीसी के नए अध्यक्ष ग्रेग बार्कले का मानना है कि भारत को पाकिस्तान का दौरा करने के लिए मनाना कड़ी चुनौती जैसा होगा.
भारत की टीम 2025 में पाकिस्तान का दौरा करेगी या नहीं इस सवाल पर आईसीसी के नए चेयरमैन ग्रेग बार्कले ने कहा, “भारत को पाकिस्तान का दौरा करने के लिए मनाना एक चुनौतीपूर्ण काम होगा. मुझे पता है कि यह इतना आसान नहीं होगा. हमें इसपर काम करना होगा. दो देशों के बीच अंतरराष्ट्रीय संबंधों को हम कंट्रोल नहीं कर सकते हैं. मैं उम्मीद करता हूं कि क्रिकेट एक माध्यम हो सकता है जिससे दोनों देशों के संबध सुधरें. खेल एक ऐसी चीज है जो लोगों और देशों को करीब ला सकता है. अगर क्रिकेट दोनों देशों को करीब लाने में मदद कर पाता है तो ये बेहद शानदार चीज होगी.”
कुछ दिनों पहले खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा था कि भारत 2025 चैंपियन ट्रॉफी खेलने के लिए पाकिस्तान जाएगा या नहीं इसे लेकर केंद्र सरकार फैसला करेगी. सुरक्षा व्यवस्था व अन्य मुद्दों का आकलन करने के बाद ही इसपर अंतिम निर्णय लिया जाएगा.
भारत में साल 2011 में हुए विश्व कप के लिए पाकिस्तान को संयुक्त रूप से मेजबान के रूप में चुना गया था लेकिन इससे पहले श्रीलंका की क्रिकेट टीम पर हुए आतंकी हमले के बाद से ही पड़ोसी देश में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट पर विराम लग गया था. बीते दो-तीन सालों में कई बड़े देशों ने पाकिस्तान का दौरा किया है. जिसे देखते हुए लगता है कि अब पाकिस्तान में धीरे-धीरे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट लौटने लगा है. हालांकि न्यूजीलैंड, इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया जैसे देशों ने अभी भी पाकिस्तान जाने से दूरी बनाई हुई है.