- क्रिकेट न्यूज़
- News
- Cricket news icc test ranking kl rahul jumps of 18 position mohammed shami and jasprit bumrah also rise 5171790
ICC Test Rankings: KL Rahul ने लगाई 18 पायदान की छलांग, Mohammed Shami और Bumrah भी उछले
सेंचुरियन टेस्ट में 113 और 23 रन बनाने वाले KL Rahul को ICC Test Rankings में जबरदस्त फायदा हुआ है. इससे पहले वह 49वें पायदान पर थे.
Published On Jan 05, 2022, 04:01 PM IST
Last UpdatedJan 05, 2022, 04:01 PM IST
साउथ अफ्रीका के खिलाफ सेंचुरियन में खेले गए पहले टेस्ट मैच में भारतीय युवा ओपनिंग बल्लेबाज केएल राहुल (KL Rahul) को शतक जमाने का फायदा आईसीसी टेस्ट रैंकिंग में भी मिला है. राहुल ने सेंचुरियन टेस्ट की पहली पारी में 113 रन ठोके थे, जिसकी बदौलत उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ भी घोषित किया गया. इस उम्दा प्रदर्शन की बदौलत राहुल को टेस्ट रैंकिंग में 18 पायदान का फायदा हुआ है. वह बल्लेबाजों की रैंकिंग में 31वें पायदान पर पहुंच गए हैं.
केएल राहुल (KL Rahul) की इस प्रारूप में सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग 8वां स्थान है, जो उन्होंने नवंबर 2017 में हासिल की थी. उन्होंने पहली पारी में 123 रन बनाए और मयंक अग्रवाल (60 रन) के साथ पहले विकेट के लिए 117 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी निभाई, जिससे भारतीय टीम इस स्थल पर टेस्ट मैच जीतने वाली पहली एशियाई टीम बन गई और उसने डब्ल्यूटीसी अंक तालिका में महत्वपूर्ण अंक भी हासिल किए.
अग्रवाल को एक पायदान का फायदा हुआ, जबकि अजिंक्य रहाणे दो पायदान की छलांग से बुधवार को ताजा अपडेट में 25वें स्थान पर पहुंच गए. तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह (Jasprit Bumrah) और मोहम्मद शमी (Mohammed Shami) भी रैंकिंग में ऊपर चढ़ने वाले अन्य भारतीय हैं. बुमराह मैच में पांच विकेट चटकाने से तीन पायदान ऊपर पहुंचकर 9वें स्थान पर हैं, जबकि शमी ने आठ विकेट चटकाए थे, जिसमें पहली पारी के पांच विकेट भी शामिल हैं. इस प्रदर्शन से शमी दो पायदान के फायदे से 17वें स्थान पर पहुंच गए.
साउथ अफ्रीका के लिए कप्तान और सलामी बल्लेबाज डीन एल्गर दो पायदान के लाभ से 14वें स्थान पर पहुंचे, जिन्होंने दूसरी पारी में 77 रन बनाए थे. टेम्बा बावुमा 52 और नाबाद 35 रन के स्कोर से 16 पायदान की छलांग लगाकर 39वें स्थान पर पहुंच गए.
कागिसो रबाडा ने 7 विकेट हासिल किए, जिससे वह एक स्थान ऊपर छठे स्थान पर, जबकि उनके साथी तेज गेंदबाज लुंगी एनगिडी मैच में आठ विकेट चटकाने से 16 पायदान की छलांग से 30वें स्थान पर पहुंच गए. सेंचुरियन में इस जीत से भारत ने तीन मैचों की श्रृंखला में 1-0 से बढ़त बना ली जो विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप (WTC) का हिस्सा है.
(इनपुट: भाषा)