- Home
- News
- Cricket news if hardik pandya fails to clear fitness test he wont play ipl says report 5287493
IPL 2022- अगर फिटनेस टेस्ट में फेल हुए Hardik Pandya तो नहीं खेल पाएंगे IPL: रिपोर्ट
अगर हार्दिक पांड्या इन दो दिनों में NCA में अपना फिटनेस टेस्ट पास नहीं कर पाए तो इस बार IPL 2022 से उनकी छुट्टी हो सकती है.
Published On Mar 15, 2022, 01:32 PM IST
Last UpdatedMar 15, 2022, 01:32 PM IST
आईपीएल में पहली बार कप्तानी करने को तैयार युवा ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या (Hardik Pandya) मुश्किलों में फंस सकते हैं. इन दिनों अपनी फिटनेस साबित करने के लिए नेशनल क्रिकेट अकैडमी (NCA), बेंगलुरु पहुंचे अगर हार्दिक पांड्या अगर फिटनेस टेस्ट पास नहीं कर पाए तो फिर वह इस सीजन इस लीग से बाहर हो जाएंगे. गुजरात टाइटन्स के कप्तान पांड्या का एनसीए में आज या कल फिटनेट टेस्ट होगा. वह टी20 वर्ल्ड कप के बाद से भारतीय टीम का हिस्सा नहीं हैं.
समाचार एजेंसी भाषा की एक रिपोर्ट के मुताबिक, ‘हार्दिक पांड्या अगले दो दिन एनसीए में कई फिटनेस टेस्ट देंगे. उन्हें अपना फिटनेस टेस्ट पास करना होगा, तभी वह आईपीएल में खेल सकते हैं. अब पिछले कुछ समय से यह अनिवार्य हो गया है. यहां तक कि बीते साल श्रेयस अय्यर को जब कंधे की चोट लगी थी तो उन्होंने भी आईपीएल में शामिल होने से पहले फिटनेस टेस्ट दिया था.’
रिपोर्ट्स में बताया गया है कि एनसीए और भारतीय टीम की फीजियो टीम की हार्दिक की फिटनेस पर पैनी नजर होगी. हालांकि गुजरात की फ्रैंचाइजी को हार्दिक के फिटनेस टेस्ट में पास होने का पूरा भरोसा है क्योंकि हार्दिक की फिटनेस में जो समस्या यह वह उनका बॉलिंग फिट न हो पाना है, जबकि वह मैदान पर फील्डिंग और बल्लेबाजी के लिए बिल्कुल फिट रहे हैं.
इसके अलावा हाल ही में गुजरात ने नरेंद्र मोदी स्टेडियम में आईपीएल की शुरुआत से पहला अपनी टीम का 5 दिवसीय कैंप आयोजित किया था. बताया जा रहा है कि इस कैंप में हार्दिक ने करीब दो सत्रों में बॉलिंग अभ्यास भी किया था वह पूरी तरह दुरुस्त नजर आ रहे हैं.
बीसीसीआई से जुड़े एक सूत्र ने कहा, ‘अगर गुजरात एक विशुद्ध बल्लेबाज देख रहा है और एक कप्तान और एक फिनिशर बल्लेबाज के रूप में हार्दिक को देख रहा है तो वह तैयार हैं. लेकिन यह देखना दिलचस्प होगा कि एनसीए का स्पोर्ट्स साइंस और मेडिसन टीम उनकी बॉलिंग पर क्या निर्णय लेती है. क्या वह 135 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गेंद फेंकने को तैयार हैं?’