- Home
- News
- Cricket news ind vs nz test harbhajan singh congratulates ravichandran ashwin for surpassing test wicket 5115975
IND vs NZ Test: रविचंद्रन अश्विन ने तोड़ा बड़ा रिकॉर्ड, हरभजन सिंह बोले- मैं तुलना करने में विश्वास नहीं रखता...
IND vs NZ Test: रविचंद्रन अश्विन अब भारत के तीसरे सबसे ज्यादा टेस्ट विकेट लेने वाले गेंदबाज बन गए हैं.
Published On Nov 29, 2021, 04:38 PM IST
Last UpdatedNov 29, 2021, 04:38 PM IST
IND vs NZ Test: रविचंद्रन अश्विन (Ravichandran Ashwin) ने भारतीय टीम के स्पिनर रहे हरभजन सिंह (Harbhajan Singh) के टेस्ट रिकॉर्ड को तोड़ दिया है. अश्विन अब भारत के तीसरे सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बन गए हैं. इस शानदार उपलब्धि के लिए भज्जी ने अश्विन को बधाई दी. हरभजन सिंह ने अपने टेस्ट करियर में 417 विकेट लिए थे. आज अश्विन ने कानपुर टेस्ट के पांचवें दिन 418वां विकेट निकाल भज्जी को पीछे छोड़ दिया है. हालांकि इसके बावजूद भी यह टेस्ट ड्रॉ पर खत्म हो गया है. भारत मेहमान टीम का आखिरी विकेट नहीं निकाल पाया. अजिंक्य रहाणे के विरोध के बावजूद मैच खराब रौशनी के चलते ड्रॉ पर खत्म कर दिया गया.
पीटीआई से बातचीत के दौरान हरभजन सिंह (Harbhajan Singh) ने कहा कि मैं तुलना करने में विश्वास नहीं रखता हूं. मैंने अपने समय में भारत के लिए सर्वश्रेष्ठ देने का प्रयास किया. रविचंद्रन अश्विन (Ravichandran Ashwin) ने अपने वक्त में सर्वश्रेष्ठ देने का प्रयास किया है. मैं अश्विन को इस प्रदर्शन के लिए बधाई देता हूं और उम्मीद करता हूं कि आने वाले समय में वो कई नए कीर्तिमान स्थापित करेंगे.
हरभजन सिंह (Harbhajan Singh) ने अपने टेस्ट करियर के दौरान कुल 103 मुकाबले खेले थे. इस दौरान उन्होंने 150 पारियों में 25 बार पांच विकेट हॉल और पांच बार 10 विकेट हॉल अपने नाम किया. वहीं, रविचंद्रन अश्विन (Ravichandran Ashwin) ने 80 मैचों में 30 बार पांच विकेट हॉल निकाला है. सात बार अश्विन 10 विकेट हॉल निकालने में भी कामयाब रहे.
केवल कपिल देव-अनिल कुंबले हैं आगे
इस फेहरिस्त में अब निशाने पर कपिल देव अश्विन का अगला शिकार हैं. भारतीय दिग्गज ने ऑलराउंडर के रूप में अपने टेस्ट करियर में 434 विकेट निकाले थे. माना जा रहा है कि अगले दो-तीन मैचों में अश्विन कपिल देव (Kapil Dev) का रिकॉर्ड तोड़ देंगे. इसके बाद केवल अनिल कुंबले ही इस मामले में अश्विन (Ravichandran Ashwin) से आगे रह जाएंगे. कुंबले ने अपने टेस्ट करियर में 132 मैचों में 619 विकेट निकाले थे.