×

रिषभ पंत के पास इतिहास रचने का मौका, इस मामले में बनेंगे पहले कप्तान

IND vs SA, 5th T20I: भारत और साउथ अफ्रीका की टीमें बेंगलुरु में टी20 सीरीज का आखिरी मैच खेलेंगी, जिसमें जीत हासिल करने वाली टीम शृंखला अपने नाम करेगी.

user-circle cricketcountry.com Written by India.com Staff
Last Published on - June 19, 2022 9:25 AM IST

India vs South Africa, 5th T20I: भारत और साउथ अफ्रीका के बीच बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम (M.Chinnaswamy Stadium, Bengaluru) में टी20 सीरीज का पांचवां मैच खेला जाना है, जिसमें रिषभ पंत (Rishabh Pant) के पास इतिहास रचने का मौका होगा. रोहित शर्मा की गैरमौजूदगी में केएल राहुल को टीम की कमान सौंपी गई थी, लेकिन सीरीज से ठीक पहले ही राहुल चोटिल हो गए. ऐसे में रिषभ पंत को आनन-फानन में टीम का कप्तान बनाना पड़ा.

सीरीज के शुरुआती दो मुकाबले गंवाए

बतौर कप्तान रिषभ पंत ने शुरुआती दो मुकाबले गंवा दिए. दिल्ली में साउथ अफ्रीका ने 7, जबकि कटक में 4 विकेट से जीत हासिल की. यहां से कप्तान के तौर पर रिषभ पंत की जमकर आलोचना होने लगी थी, लेकिन इसके बाद जो हुआ, उसने सभी का मुंह बंद कर दिया.

…फिर भारत की शानदार वापसी

टीम इंडिया ने टी20 मैच में 48 रन से जीत हासिल करने के बाद राजकोट में साउथ अफ्रीका को 82 रन से रौंद दिया. यहां से सीरीज बेहद रोमांचक बन चुकी है और बेंगलुरु में जीत हासिल करने वाली टीम सीरीज अपने नाम कर लेगी.

रिषभ पंत के पास ‘गोल्डन चांस’

टीम इंडिया ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ अब तक भारत में सिर्फ 2 टी20 सीरीज खेली हैं. पहली शृंखला में महेंद्र सिंह धोनी (MS Dhoni) कप्तान थे, जबकि अगली सीरीज में विराट कोहली (Virat Kohli) के हाथों में टीम की बागडोर थी. दोनों ही सीरीज भारत के हाथों से निकल गई थी.

ऐसे में रिषभ पंत अगर भारत को सीरीज का पांचवां और आखिरी मैच जिताते हैं, तो वह प्रोटियाज टीम को अपनी सरजमीं पर टी20 सीरीज हराने वाले पहले भारतीय कप्तान बन जाएंगे.