- Home
- News
- Cricket news ind vs sa bcci official admits some players does not want to travel amid omicrom 5121692
IND vs SA: Omicron ने बढ़ाई भारतीय खिलाड़ियों की चिंता, साउथ अफ्रीकी दौरे से हट सकते हैं कुछ क्रिकेटर
IND vs SA, ओमिक्रॉन वेरिएंट के बीच भारत का साउथ अफ्रीका दौरा खटाई में पड़ता नजर आने लगा है. कुछ भारतीय खिलाड़ी इस दौरे पर नहीं जाना चाहते हैं, जिसका खुलासा खुद बीसीसीआई अधिकारी ने किया है.
Published On Dec 03, 2021, 12:22 PM IST
Last UpdatedDec 03, 2021, 12:22 PM IST
India tour of South Africa, 2021-22: ओमिक्रॉन वेरिएंट (Omicron Variant) की वजह से भारत का साउथ अफ्रीकी दौरा संकट में है. दोनों टीमों के बीच 17 दिसंबर से टेस्ट सीरीज की शुरुआत होनी है, लेकिन इस दौरे को एक सप्ताह के लिए टाला जा सकता है. ऐसी भी जानकारी सामने आ रही है कि तीन टेस्ट मैचों की सीरीज से एक मुकाबले की कटौती हो सकती है. हालांकि अब तक इसे लेकर स्थिति साफ नहीं है.
कोरोना के इस तीसरे वैरिएंट से भारतीय खिलाड़ी भी चिंतित हैं. बीसीसीआई के एक अधिकारी ने इस बात का खुलासा किया है कि कुछ क्रिकेटर साउथ अफ्रीका दौरे पर नहीं जाना चाहते हैं.
बीसीसीआई अधिकारी ने बताया, “निश्चित रूप से खिलाड़ी इसे लेकर चिंतित हैं. कुछ ऐसे भी हैं, जो साउथ अफ्रीकी दौरे पर नहीं जाना चाहते. बीसीसीआई ऐसे मामलों में हमेशा आखिरी फैसला लेने से पहले खिलाड़ियों का नजरिया देखता है, उनकी बात सुनता है. उम्मीद है कि यह दौरा शेड्यूल के मुताबिक ही होगा. हमें एक या दो दिन और इंतजार करना होगा और इसको लेकर स्थिति साफ हो पाएगी.”
Virat Kohli मांग चुके BCCI से जवाब: विराट कोहली साउथ अफ्रीका के दौरे पर बोर्ड से स्पष्टता मांग चुके हैं. उन्होंने कहा, ‘‘आप जितना जल्दी संभव हो इस मामले में स्पष्टता चाहते हो, इसलिए हमने टीम के सभी सीनियर खिलाड़ियों से बात की है. बेशक राहुल भाई ने समूह के भीतर बातचीत शुरू की है जो काफी महत्वपूर्ण है.”
विराट कोहली ने आगे कहा, “अंत में हम समझ सकते हैं, मेरे कहने का मतलब है कि कुछ भी हो, हमारा ध्यान टेस्ट मैच से नहीं भटकेगा लेकिन साथ ही आप स्पष्टता चाहते हो और आप ऐसी स्थिति में होना चाहते हो, जहां आपको पता होना चाहिए कि असल में क्या हो रहा है. हम बोर्ड से बात कर रहे हैं और हमें भरोसा है कि एक या दो दिन में या बहुत जल्दी तस्वीर साफ हो जाएगी कि क्या चल रहा है.”
उन्होंने कहा, ‘‘देखिए यह स्वाभाविक है, मेरे कहने का मतलब है कि हम सामान्य हालात में नहीं खेल रहे हैं. इसलिए काफी योजना बनानी पड़ती है, काफी तैयारी करनी पड़ती हैं. हमें चीजों को लेकर वास्तविक होने की जरूरत है, हम ऐसी चीजों की अनदेखी नहीं कर सकते जो हमें संभवत: भ्रमित करने वाले स्थान पर पहुंचा दे और कोई भी ऐसी जगह नहीं जाना चाहता.’’