IND vs SA: Ajinkya Rahane, Shardul Thakur और Hanuma Vihari में से किसे मिलेगा मौका!

अगर विराट कोहली 5 तेज गेंदबाजों के साथ उतरते हैं तो फिर वह शार्दुल ठाकुर को मौका देना चाहेंगे लेकिन अगर एक अतिरिक्त बल्लेबाज का सवाल है तब अनुभवी अजिंक्य रहाणे या फिर फॉर्म में चल रहे हनुमा विहारी उनकी पसंद होंगे.

Edited By : India.com Staff |Dec 20, 2021, 05:28 PM IST

Published On Dec 20, 2021, 05:28 PM IST

Last UpdatedDec 20, 2021, 05:28 PM IST

हाल ही में भारतीय टेस्ट टीम से अपनी उपकप्तानी गंवाने वाले मिडल ऑर्डर बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे (Ajinkya Rahane) की जगह प्लेइंग XI में भी मुश्किल दिख रही है. रहाणे को युवा बल्लेबाज हनुमा विहारी से कड़ी चुनौती मिल रही है, जो भारत A के साथ साउथ अफ्रीका दौरे पर थे और यहां उन्होंने खूब रन कूटे हैं. जानकार मान रहे हैं कि अगर कप्तान विराट कोहली (Virat Kohli) उछाल भरी हुई पिच पर ऑलराउंडर शार्दुल ठाकुर (Shardul Thakur) के साथ जाने का फैसला करते हैं तो उन्हें 5 तेज गेंदबाजों के साथ बल्लेबाजी का विकल्प भी मिलेगा. ऐसे में रहाणे का खेलना मुश्किल है लेकिन वहीं अगर अतिरिक्त बल्लेबाज के साथ उतरने की सोचते हैं तो वह रहाणे का अनुभव का फायदा लेना चाहेंगे.

हालांकि भारतीय टीम में बल्लेबाजी के विकल्प के लिए हनुमा विहारी (Hanuma Vihari) भी मजबूत दावेदार होंगे, जो भारत की A टीम के साथ साउथ अफ्रीका का हाल ही में दौरा कर चुके हैं. भारतीय टीम पिछले तीन दिनों से सेंचुरियन के सुपरस्पोर्ट पार्क में अभ्यास कर रही है और क्रिकेट साउथ अफ्रीका (CSA) ने मेहमानों को मैदान के मुख्य स्टेडियम पर अभ्यास करने का मौका दिया है.

Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source

SENA (दक्षिण अफ्रीका, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड, ऑस्ट्रेलिया) देशों में टेस्ट मैच से पहले मुख्य विकेट पर अभ्यास का मौका मुश्किल से ही मिलता है. बीसीसीआई.टीवी द्वारा पोस्ट किए गए एक संक्षिप्त वीडियो में मुख्य कोच राहुल द्रविड़ (Rahul Dravid) ने मुख्य पिच पर अभ्यास से होने वाले फायदे का जिक्र किया था, जबकि मध्यक्रम के बल्लेबाज श्रेयस अय्यर (Shreyas Iyer) ने घसियाली पिच पर अभ्यास के बारे में बात की थी.

रणनीतिक तौर पर कोहली को आक्रामक कप्तान माना जाता है और वह पांच गेंदबाजों के साथ टेस्ट मैचों में उतरना पसंद करते हैं. लेफ्टहैंडर रविन्द्र जडेजा (Ravindra Jadeja) 7वें क्रम में बल्लेबाजी का शानदार विकल्प देते हैं लेकिन उनकी गैरमौजूदगी में शार्दुल यह जिम्मेदारी उठा सकते हैं.

चयन समिति के पूर्व अध्यक्ष एमएसके प्रसाद ने कहा, ‘मुझे लगता है कि अगर टीम पांच गेंदबाजों के साथ उतरेगी तो शार्दुल सबसे अच्छा विकल्प हैं क्योंकि वह 7वें क्रम पर बल्लेबाजी का विकल्प भी देते हैं और हमारे पास रविचंद्रन अश्विन भी हैं.’

उन्होंने कहा, ‘टीम में चार गेंदबाजों की जगह लगभग तय है, जिसमें जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद शमी, अश्विन और मोहम्मद सिराज का नाम आता है. मुझे नहीं लगता कि मौजूदा लय को देखते हुए में इशांत को सिराज की जगह तरजीह मिलेगी.’

सेंचुरियन एक ऐसी जगह है, जो समुद्र तल से 1300 मीटर की ऊंचाई पर स्थित है. यहां गेंदबाज जल्दी थक सकते हैं और चार गेंदबाजों के मामले में उनके थकने की संभावना अधिक होगी. एक अतिरिक्त बल्लेबाज के मामले में विहारी के मुकाबले अनुभवी रहाणे की दावेदारी अधिक मजबूत होगी.

(इनपुट: भाषा)

Editor's Pick