• Home
  • News
  • Cricket news ipl 2022 dc vs lsg match report and highlights lucknow super giants beat delhi capitals by 6 runs mohsin khan hero of the match 5368912

IPL 2022- DC vs LSG: जीत के करीब आकर भी हारी दिल्ली, लखनऊ सुपर जायंट्स की IPL में 7वीं जीत

196 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली की शुरुआत बेहद खराब रहने के बावजूद रिषभ पंत और मिशेल मार्श ने उसे जीत की राह पर ला दिया था लेकिन अंत में वह 6 रन से चूक गई.

Edited By : India.com Staff |May 01, 2022, 08:29 PM IST

Published On May 01, 2022, 08:29 PM IST

Last UpdatedMay 01, 2022, 08:29 PM IST

IPL 2022- DC vs LSG Match Report And Highlights: केएल राहुल (77) और दीपक हुड्डा (52) की बेहतरीन फिफ्टी के बाद मोहसिन खान (4/16) की दमदार गेंदबाजी की बदौलत लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) ने यहां दिल्ली कैपिटल्स (DC) को 6 रन से मात देकर टूर्नामेंट में अपनी 7वीं जीत दर्ज कर ली है.

रविवार को मुंबई के वानखेड़े मैदान पर लखनऊ ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग का फैसला किया था, उसने 3 विकेट के नुकसान पर 195 रन बनाए. दिल्ली की टीम ने अपनी खराब शुरुआत के बावजूद कप्तान रिषभ पंत (44) मिशेल मार्श (37), रोवमैन पॉवेल (35) और अक्षर पटेल (42*) की बदौलत टारगेट तक पहुंचने की कोशिश तो की लेकिन वह अंत में 6 रन से चूक गई. अब प्वॉइंट्स टेबल में लखनऊ के 14 अंक हो गए हैं, जिसकी बदौलत वह दूसरे स्थान पर है.

Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source

196 रन की चुनौती का पीछा करने उतरी दिल्ली कैपिटल्स (DC) की शुरुआत बेहद खराब रही और उसके दोनों ओपनिंग बल्लेबाज शुरुआत में ही डगआउट पहुंच गए. पृथ्वी शॉ (5) और डेविड वॉर्नर (3) दुष्मंता चमीरा और मोहसिन खान ने अपना शिकार बनाया. इसके बाद हालांकि मिशेल मार्श और कप्तान ऋषभ पंत ने धुआंधार पारी खेली और पावरप्ले के खत्म होने तक टीम के स्कोर को 66 रनों तक पहुंचा दिया. हालांकि, 7.1 ओवरा में कृष्णप्पा गौतम की गेंद पर मार्श (37) से कैच आउट हो गए. इसके साथ उनके और पंत के बीच 25 गेंदों में 60 रनों की साझेदारी भी समाप्त हो गई.

पांचवें नंबर पर आए ललित यादव (3) भी बिश्नोई की गेंद पर बोल्ड हो गए, जिससे दिल्ली को 86 रनों पर चौथा झटका लगा. टीम को अभी भी जीतने के लिए 110 रनों की दरकार थी. छठे स्थान पर आए रोवमैन पॉवेल ने कप्तान पंत के साथ लक्ष्य का पीछा करने का प्रयास किया और 12वें ओवर में गौतम की गेंद पर छक्का मारकर टीम के स्कोर को 100 के पार पहुंचा दिया.

13वें ओवर में मोहसिन की गेंद पर कप्तान पंत (44) बोल्ड हो गए, जिससे दिल्ली को 120 रन पर पांचवां झटका लगा. 7वें स्थान पर बल्लेबाजी के लिए आए अक्षर पटेल ने पॉवेल के साथ लक्ष्य के करीब जाने की कोशिश की. लेकिन पॉवेल (35) और शार्दुल ठाकुर (1) को मोहसिन ने एक ओवर में आउट कर लखनऊ की मैच में वापसी कराई.

इसके बाद दिल्ली को 12 गेंदों में 36 रनों की आवश्यकता थी, लेकिन अक्षर (42) और कुलदीप (16) लक्ष्य को पूरा करने में नाकाम रहे और दिल्ली की 6 रनों से हार हुई, क्योंकि टीम ने 20 ओवरों में सात विकेट खोकर 189 रन ही बना सकी. लखनऊ इस जीत के बाद अंक तालिका में दूसरे नंबर पर आ गई.

इससे पहले, टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए लखनऊ ने पावरप्ले में एक विकेट गंवाकर 57 रन बनाए. इस दौरान, सलामी बल्लेबाज क्विंटन डी कॉक (23) शार्दुल के शिकार बने. इसके बाद, कप्तान राहुल और दीपक हुड्डा ने 10.3 ओवरों के बाद लखनऊ को 100 के पार पहुंचा दिया.

इस बीच, कप्तान राहुल ने धुआंधार पारी खेलते हुए 35 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया. इसके साथ ही हुड्डा ने भी 32 गेंदों में अर्धशतक जड़ दिया. लेकिन 14.3 ओवर में शार्दुल की गेंद पर हुड्डा 34 गेंदों में 52 रन बनाकर कैच आउट हो गए. साथ ही उनके और कप्तान राहुल के बीच 61 गेंदों में 95 रनों की साझेदारी का अंत भी हो गया.

चौथे नंबर पर आए मार्कस स्टोइनिस और कप्तान राहुल ने तेज गति से खेलते हुए 17 ओवरों के बाद टीम का स्कोर 159 रन पर पहुंचा दिया. 18.4 ओवर में छक्का मारने के चक्कर में कप्तान राहुल 51 गेंदों में 77 रन बनाकर पवेलियन लौट गए. 20वें ओवर में मुस्तफिजुर रहमान ने 15 रन दिए, जिससे लखनऊ का स्कोर तीन विकेट के नुकसान पर 195 रन पहुंच गया. स्टोइनिस (17) के साथ क्रुणाल पांड्या (9) नाबाद लौटे. दिल्ली की ओर से शार्दुल ठाकुर ने 3 विकेट चटकाए.

(इनपुट: आईएएनएस)

Editor's Pick