This website uses cookies so that we can provide you with the best user experience possible. Cookie information is stored in your browser and performs functions such as recognising you when you return to our website and helping our team to understand which sections of the website you find most interesting and useful.
IPL 2022- Dinesh Karthik का कॉन्फिडेंस लाजवाब, उन्हें टी20 वर्ल्ड कप में मिलना चाहिए मौका: साइमन डुल
हाल ही में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ मैच विनिंग पारी खेलने के बाद दिनेश कार्तिक ने यह इच्छा जताई थी कि वह T20 वर्ल्ड कप के लिए भारतीय टीम में वापसी करना चाहते हैं.
Written by India.com Staff
Last Published on - April 18, 2022 4:27 PM IST

भारतीय टीम के सीनियर विकेटकीपर बल्लेबाज दिनेश कार्तिक (Dinesh Karthik) के खेल का इन दिनों हर कोई फैन है. कार्तिक ने इस बार आईपीएल में खुद को साबित करने के लिए खास तैयारियां की हैं और वह मैच फिनिशर की भूमिका में लगातार अपनी टीम के लिए उपयोगी पारियां खेल रहे हैं. डीके इस सीजन 6 पारियों में सिर्फ एक ही बार आउट हुए हैं और वह अब तक 197 रन बना चुके हैं. कार्तिक आगामी टी20 वर्ल्ड कप (T20 World Cup 2022) के लिए भारतीय टीम में वापसी करना चाहते हैं. न्यूजीलैंड के पूर्व क्रिकेटर और मशहूर कॉमेंटेटर साइमन डुल (Simon Doull) ने भी उनका समर्थन किया है.
36 वर्षीय दिनेश कार्तिक (DK) आखिरी बार साल 2019 के सेमीफाइनल में टीम इंडिया की जर्सी में दिखाई दिए थे. इसके बाद से भारतीय चयनकर्ताओं ने कभी भी इस खिलाड़ी के नाम पर विचार नहीं किया. इस सीजन आईपीएल की शुरुआत से पहले रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) ने उन्हें 5.50 करोड़ रुपये में अपनी टीम में खरीदा और उन्होंने पहले मैच से ही RCB के फैसले को सही साबित किया है.
साइमन डुल को लगता है कि डीके ऑस्ट्रेलिया में होने वाले टी20 वर्ल्ड कप के लिए बतौर रिजर्व बल्लेबाज के तौर पर जा सकते हैं. डुल ने आरसीबी और दिल्ली कैपिटल्स के मैच के बाद कहा, ‘मैं डीके के बारे में सोच रहा था कि वह इस साल के अंत में ऑस्ट्रेलिया दौरे पर जाएंगे. भारत के पास रिषभ पंत और केएल राहुल के रूप में बैकअप विकेटकीपर है, तो आप डीके को नहीं ले सकते. शायद वह टीम में बैकअप बल्लेबाज के तौर पर जाएंगे. वह नंबर 6 और 7 पर बैटिंग कर सकते हैं. यहां तक कि नंबर 5 पर भी… वह इस समय पूरे कॉन्फिडेंस के साथ बहुत शानदार खेल रहे हैं.’
इस पूर्व क्रिकेटर ने कहा, ‘जब उनकी टीम संकट में होती है तो उनके पास सभी तरह की प्रतिभा है कि वह आराम से खेल सकते हैं और दबाव में भी बाउंड्री ढूंढने में माहिर हैं. मुझे लगता है कि इस समय यह दूसरे बल्लेबाजों और डीके में बड़ा अंतर है.’ बता दें इससे पहले कार्तिक ने विराट कोहली से आरसीबी के खास चैट शो में भारतीय टीम में अपनी वापसी करने की इच्छा जताई थी, जिस पर कोहली ने भी कहा था कि उम्मीद करते हैं कि भारतीय टीम चुनने वाले (सिलेक्टर्स) भी उनके खेल को देख रहे होंगे.
