This website uses cookies so that we can provide you with the best user experience possible. Cookie information is stored in your browser and performs functions such as recognising you when you return to our website and helping our team to understand which sections of the website you find most interesting and useful.
IPL 2022: Rishabh Pant की कप्तानी को हो रही आलोचना, कोच रिकी पॉन्टिंग बोले- मैं उनके साथ
दिल्ली कैपिटल्स की टीम इस सीजन अब तक 11 मैच खेलकर सिर्फ 5 में जीत दर्ज कर पाई है. इस बीच उसके युवा कप्तान रिषभ पंत की कप्तानी की खूब आलोचनाएं भी हो रही हैं.
Written by India.com Staff
Last Published on - May 9, 2022 1:01 PM IST

आईपीएल में इस बार दिल्ली कैपिटल्स (DC) का सफर कुछ फीका सा साबित हो रहा है. पिछले सीजन जिन रिषभ पंत (Rishabh Pant) की कप्तानी की तारीफ हो रही थी. इस सीजन उन्हें अपने कुछ खास मौकों पर लिए गए गलत निर्णयों के चलते बड़े-बड़े दिग्गजों की आलोचनाओं का सामना करना पड़ रहा है. लेकिन टीम के चीफ कोच रिकी पॉन्टिंग (Ricky Ponting) ने अपने इस युवा कप्तान को पूरा समर्थन दिया है और उन्होंने कहा कि लोग भले कुछ कहें मैं रिषभ पंत के साथ हूं. टी20 क्रिकेट में कई बार ऐसा होता है, जब आपको तेजी से कुछ निर्णय लेने होते हैं.
पॉन्टिंग ने कहा कि बाहर से निर्णय करना आसान होता है. पंत की अगुवाई में दिल्ली ने अब तक जो 11 मैच खेले हैं, उनमें से केवल पांच में उसने जीत दर्ज की है. उसे रविवार को चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के हाथों 91 रन से करारी शिकस्त झेलनी पड़ी थी. गेंदबाजी में बदलाव और मैच में महत्वपूर्ण मोड़ पर गेंदबाजों के चयन को लेकर पंत की वीरेंदर सहवाग (Virender Sehwag) जैसे पूर्व खिलाड़ियों ने आलोचना की है, लेकिन ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान पॉन्टिंग ने कहा कि वह पंत के हर फैसले का पूरी तरह से समर्थन करते हैं.
पॉन्टिंग ने मैच के बाद संवाददाताओं से कहा, ‘मैं उनके (पंत) मैदान पर लिए गये हर फैसले का पूरी तरह से समर्थन करता हूं. मैंने भी टी20 में कप्तानी की है और मैं जानता हूं कि विशेषकर अत्यधिक दबाव की स्थिति में आपके पास सोचने के लिए बहुत अधिक समय नहीं होता है.’
उन्होंने कहा, ‘बाहर बैठकर फैसले करना आसान होता है, लेकिन जब आप मैदान पर होते हैं तो यह आसान काम नहीं होता.’ पॉन्टिंग ने कहा, ‘एक कप्तान बहुत कम समय में निर्णय लेता है और वह जो भी फैसला करता है उसे लगता है कि मैच की तत्कालीन परिस्थितियों में टीम के लिए सबसे अच्छा है. वह फैसले करते समय सीमा रेखा की दूरी और क्रीज पर मौजूद बल्लेबाजों जैसी चीजों को ध्यान में रखता है.’
पॉन्टिंग ने हालांकि स्वीकार किया कि चेन्नई के खिलाफ करारी हार में उनकी टीम ने खेल के सभी विभागों में खराब प्रदर्शन किया. उन्होंने कहा, ‘हमारी गेंदबाजी अच्छी नहीं थी. हमारी बल्लेबाजी भी बहुत खराब थी. इस मैच में हमारे लिए बहुत अधिक सकारात्मक पहलू नहीं रहे. केवल खलील अहमद का प्रदर्शन सकारात्मक पहलू रहा. उसने फिर से शानदार गेंदबाजी की.’
पॉन्टिंग ने कहा, ‘हमने 91 रन से यह मैच गंवाया जिससे हमारे नेट रन रेट पर नकारात्मक प्रभाव पड़ेगा. इसका मतलब है कि हमें अपने आगामी मैचों में बहुत अच्छा प्रदर्शन करना होगा.’
उन्होंने हालांकि कहा कि दिल्ली की टीम अपने बाकी बचे तीनों मैच जीतकर प्लेऑफ में जगह बना सकती है. पॉन्टिंग ने कहा, ‘हम तीन जीत से प्लेऑफ में जगह बना सकते हैं. इसके लिए आठ जीत पर्याप्त हो सकती हैं और एक बड़ी जीत हमारे नेट रन रेट में सुधार कर सकती है. कौन जानता है हम फाइनल में भी पहुंच जाएं.’
(इनपुट: भाषा)
