• Home
  • News
  • Cricket news ipl 2022 teams will start training from 14 or 15th march state government gave nod to five places 5265841

IPL 2022: 14 या 15 मार्च से प्रैक्टिस शुरू करेंगी टीमें, महाराष्ट्र सरकार ने इन 5 जगहों को दी मंजूरी

महाराष्ट्र सरकार ने BCCI और महाराष्ट्र क्रिकेट असोसिएशन के साथ बैठक कर आईपीएल की 10 टीमों को प्रैक्टिस के लिए मुंबई और पुणे में कुल 5 स्थानों को मंजूरी दे दी है.

Edited By : India.com Staff |Mar 02, 2022, 05:06 PM IST

Published On Mar 02, 2022, 05:06 PM IST

Last UpdatedMar 02, 2022, 05:06 PM IST

आईपीएल का 15वां सीजन (IPL 2022) 26 मार्च से शुरू होगा. इस बार 10 टीमों वाली यह टी20 लीग महाराष्ट्र के चार स्थानों पर खेली जाएगी. लीग शुरू होने से पहले सभी टीमें आगामी 14 या 15 मार्च से प्रैक्टिस शुरू कर देंगी. महाराष्ट्र सरकार ने इस सिलसिले में बीसीसीआई (BCCI) के साथ अहम बैठक की है और सभी टीमों को प्रैक्टिस के लिए जगह मुहैया कराने के लिए 5 स्थानों की पहचान की है. सभी टीमों के लिए मुंबई और उससे सटे हुए ठाणे के मैदान दिए जाएंगे.

पता चला है कि मुंबई क्रिकेट संघ (MCA) के बांद्रा कुर्ला परिसर, ठाणे में एमसीए स्टेडियम (MCA Stadium), डा. डीवाई पाटिल विश्वविद्यालय मैदान (DY Patil University Ground), सीसीआई (Cricket Club Of India) के साथ का फुटबॉल मैदान तथा घनसोली में रिलायंस कॉरपोरेट पार्क मैदान की पहचान अभ्यास स्थलों के रूप में की गयी है.

Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source

खिलाड़ियों के 8 मार्च से यहां पहुंचने की संभावना है. महाराष्ट्र सरकार ने आईपीएल के सुचारू संचालन के लिए भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) और एमसीए के साथ बैठक की. आईपीएल में लंबे अर्से बाद कुल 10 टीम भाग लेंगी.

यह भी पता चला है कि सभी भागीदारों को मुंबई पहुंचने से 48 घंटे पहले आरटी-पीसीआर परीक्षण करवाना होगा. खिलाड़ियों के ठहरने के लिए मुंबई में 10 और पुणे में दो होटलों की पहचान की गई है. यह भी पता चला है कि खिलाड़ियों को अपने जैव सुरक्षित वातावरण (बायो बबल) में प्रवेश करने से पहले तीन से पांच दिन तक पृथकवास पर रहना होगा. आईपीएल के लीग चरण के मैच मुंबई और पुणे में होंगे.

पिछले 2 सीजन की तरह इस बार भी आईपीएल (Indian Premier League) बायो बबल में ही खेला जाएगा. हालांकि अभी तक की योजना के मुताबिक इस बार मैच देखने के लिए स्टेडियम में दर्शकों की कुल क्षमता के 40 फीसदी संख्या को मैदान में आने की इजाजत दी गई है. अगर बाद में भी देश में कोविड- 19 (Covid 19) के हालात काबू में रहते हैं और मामलों में कमी आती है तो तब दर्शकों की संख्या को और बढ़ाया जा सकता है.

(इनपुट: आईएएनएस)

Editor's Pick