हमने IPL नीलामी में आधा काम किया, अब खिताब की जिम्मेदारी खिलाड़ियों पर: Ness Wadia

नेस वाडिया ने इस बार पंजाब किंग्स की तुलना अपनी आईपीएल के पहले सत्र (2008) वाली टीम से की, जिसमें युवराज सिंह, महेला जयवर्धने, कुमार संगकारा, ब्रेट ली और इरफान पठान जैसे दिग्गज थे.

Edited By : India.com Staff |Feb 25, 2022, 06:18 PM IST

Published On Feb 25, 2022, 06:18 PM IST

Last UpdatedFeb 25, 2022, 06:18 PM IST

IPL में अब तक अपने पहले खिताब का इंतजार कर रही पंजाब किंग्स (PBKS) की टीम एक बार फिर अपनी नई टीम के साथ तैयार है. टीम के मालिक नेस वाडिया (Ness Wadia) आईपीएल नीलामी (IPL Auction 2022) के बाद तैयार हुई टीम से पूरी तरह संतुष्ट दिख रहे हैं और उन्होंने कहा कि हमने नीलामी में बेहतर संतुलन की टीम बनाकर अपना आधा काम कर दिया है और बाकी की खिताब जीतने की जिम्मेदारी खिलाड़ियों पर है. उन्होंने कहा कि पंजाब किंग्स इस बार बेहतरीन खिलाड़ियों से सजी हैं और उसमे आईपीएल चैंपियन बनने का माद्दा है.

आईपीएल की शुरुआत से ही पंजाब किंग्स का प्रदर्शन उत्साहजनक नहीं रही है. टीम इस लीग के 14 सत्रों में से सिर्फ एक बार फाइनल में पहुंची है. पिछले तीन सत्रों में टीम कुछ अच्छे प्रदर्शन के बाद भी आठ टीमों के लीग में छठे स्थान पर रही है.

Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source

टीम आईपीएल की पिछले नीलामी में सबसे ज्यादा 72 करोड़ रुपये के साथ पहुंची थी नीलामी के बाद क्रिकेट के जानकारों ने फ्रैंचाइजी की तारीफ की. वाडिया ने कहा, ‘टीम में सही खिलाड़ियों के संयोजन से आधी जंग जीती जा सकती है. हम ऐसा करने में सफल रहे हैं. अब यह खिलाड़ियों, कोच अनिल (कुंबले), जोंटी (रोड्स) और डेमियन (राइट) पर निर्भर है कि हमें वास्तव में उस खिताब तक ले जाए, जिसका हम इतने लंबे समय से इंतजार कर रहे हैं.’

वाडिया ने कहा, ‘इस बार पंजाब कम से कम शीर्ष चार में तो जगह सुनिश्चित करें क्योंकि हमारे लिए पिछले चार-पांच साल अच्छे नहीं रहे है.’ मयंक अग्रवाल (Mayank Agarwal) और युवा तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह (Arshdeep Singh) के रूप में केवल दो खिलाड़ियों को रिटेन करने के बाद, पंजाब ने जॉनी बेयरस्टो, शिखर धवन, राहुल चाहर, कागिसो रबाडा, ओडियन स्मिथ और लियाम लिविंगस्टोन को टीम में शामिल किया.

टीम में निरंतरता बनाए रखने के लिए, उन्होंने बड़े शॉट खेलने वाले शाहरुख खान और बाएं हाथ के स्पिनर हरप्रीत बरार को वापस खरीदा, इसके अलावा पहले भी पंजाब का प्रतिनिधित्व कर चुके ऋषि धवन और संदीप शर्मा के लिए टीम ने सफल बोली लगाई.

पिछले कुछ सत्र में टीम को बल्लेबाजी के दौरान बीच के ओवरों में तेजी से रन बनाने और गेंदबाजी में आखिरी ओवरों में खराब प्रदर्शन का खामियाजा भुगतना पड़ा था. उन्होंने कहा, ‘हमारे पास अब अच्छी संतुलित टीम है. हमारी टीम आठवें और नौवें नंबर तक बल्लेबाजी करने में सक्षम है। हमारे पास ऐसे गेंदबाज हैं जो शुरुआती और आखिरी ओवरों में बेहतर प्रदर्शन कर सकते है.’

वाडिया ने इस टीम की तुलना 2008 की टीम से की जिसमें युवराज सिंह, महेला जयवर्धने, कुमार संगकारा, ब्रेट ली और इरफान पठान जैसे दिग्गज थे. उन्होंने कहा, ‘मैं कहूंगा कि यह 2008 में पहले सत्र बाद से हमारे लिए सबसे कठिन और सबसे सफल नीलामी थी.’ उन्होंने कहा कि फ्रैंचाइजी ने नीलामी की तैयारी पिछले साल अक्टूबर में ही शुरू कर दी थी.

(इनपुट: भाषा)

Editor's Pick