- क्रिकेट न्यूज़
- News
- Cricket news kl rahul reached on fourth position in icc t20 batting rankings virat kohli remain in top 10 5219729
ICC T20 Rankings: KL Rahul चौथे स्थान पर, टॉप 10 में बने हुए हैं Virat Kohli
आईसीसी द्वारा जारी ताजा टी20 रैंकिंग में भारतीय बल्लेबाज केएल राहुल चौथे स्थान पर पहुंच गए हैं, जबकि विराट कोहली टॉप 10 में बने हुए हैं.
Published On Feb 02, 2022, 05:16 PM IST
Last UpdatedFeb 02, 2022, 05:16 PM IST
आईसीसी द्वारा जारी ताजा रैंकिंग में भारत के युवा बल्लेबाज केएल राहुल (KL Rahul) को एक स्थान का फायदा हुआ है. बुधवार को जारी रैंकिंग में वह चौथे स्थान पर पहुंच गए हैं. राहुल के अलावा विराट कोहली (Virat Kohli) और सीमित ओवरों के नए कप्तान रोहित शर्मा (Rohit Sharma) 10वें और 11वें स्थान पर बने हुए हैं. बॉलिंग रैंकिंग में तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार (Bhuvneshwar Kumar) 20वें स्थान के साथ शीर्ष भारतीय हैं. उन्हें एक स्थान का नुकसान हुआ है. भारत के तेज गेंदबाजी आक्रमण के अगुआ जसप्रीत बुमराह (Jasprit Bumrah) दो स्थान के नुकसान से 26वें पायदान पर हैं..
ऑलराउंडर की सूची में किसी भारतीय को जगह नहीं मिली है. भारत ने हाल फिलहाल में कोई टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला नहीं खेला है. ब्रिजटाउन में इंग्लैंड खिलाफ 5वें और निर्णायक मैच में वेस्टइंडीज की 17 रन की जीत में अहम भूमिका निभाने बाएं हाथ के स्पिनर अकील हुसैन और तेज गेंदबाज जेसन होल्डर ने करियर की सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग हासिल की है.
पुरुष रैंकिंग में साप्ताहिक अपडेट में वेस्टइंडीज और इंग्लैंड की सीरीज के अंतिम तीन मैच के प्रदर्शन पर गौर किया गया. अकील 15 स्थान की छलांग के साथ 18वें स्थान पर पहुंच गए हैं. उन्होंने अंतिम मैच में 30 रन पर चार विकेट सहित तीन मैच में छह विकेट चटकाए.
अंतिम मैच में चार गेंद में चार विकेट सहित 27 रन पर 5 विकेट चटकाने वाले ऑलराउंडर और पूर्व कप्तान जेसन होल्डर तीन स्थान के फायदे से 23वें स्थान पर पहुंच गए हैं. उन्होंने तीन मैच में नौ विकेट हासिल किए.
वेस्टइंडीज के तेज गेंदबाज शेल्डर कोटरेल (10 स्थान आगे बढ़कर 31वें पायदान पर) को भी नवीनतम रैंकिंग में फायदा हुआ है. इंग्लैंड के स्पिनर मोईन अली (Moeen Ali) तीन स्थान आगे बढ़कर 32वें जबकि लियाम लिविंगस्टोन 33 स्थान की लंबी छलांग के साथ 68वें पायदान पर पहुंच गए हैं.
बल्लेबाजी रैंकिंग में निकोलस पूरन 8 स्थान के फायदे से 18वें स्थान पर हैं. उन्होंने तीन मैच में 113 रन बनाए, जिसमें 70 रन की पारी भी शामिल है. ब्रेंडन किंग (25 स्थान के फायदे से 58वें) और वेस्टइंडीज के कप्तान कीरोन पोलार्ड (15 स्थान के फायदे से 60वें) की रैंकिंग में भी सुधार हुआ है.
वेस्टइंडीज के खिलाफ सीरीज के चौथे मैच में सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुने गए मोईन तीन मैच में 73 रन बनाकर 30 स्थान के फायदे से 67वें पायदान पर पहुंच गए हैं. उन्होंने इन मैच में दो विकेट भी चटकाए, जिससे वह ऑलराउंडर की सूची में ग्लेन मैक्सवेल और वानिंदु हसारंगा को पछाड़कर तीसरे स्थान पर काबिज हैं.
(इनपुट: भाषा)