- क्रिकेट न्यूज़
- News
- Cricket news ms dhoni is one of the sharpest cricket minds i have encountered greg chappell 5207137
MS Dhoni का 'क्रिकेटिया दिमाग' सबसे तेज, Greg Chappell ने तारीफ में पढ़े कसीदे
महेंद्र सिंह धोनी के नेतृत्व में भारत ने टी20 विश्व कप-2007 और वनडे वर्ल्ड कप-2011 अपने नाम किया है. इसके अलावा धोनी ने चेन्नई सुपर किंग्स को चार बार आईपीएल विजेता बनाया है.
Published On Jan 26, 2022, 05:59 PM IST
Last UpdatedJan 26, 2022, 05:59 PM IST
अपनी कप्तानी में भारत को दो विश्व कप जिता चुके महेंद्र सिंह धोनी (MS Dhoni) साल 2020 में क्रिकेट जगत से संन्यास लिया था. माही अब सिर्फ आईपीएल में ही खेलते नजर आते हैं, जिसमें उन्होंने साल 2021 में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) को चौथी बार चैंपियन बनाया. दिग्गज ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी ग्रेग चैपल (Greg Chappell) ने भारत के पूर्व कप्तान को ‘‘क्रिकेट में सबसे तेज दिमागों में से एक’’ करार दिया है. चैपल के मुताबिक निर्णय लेने की विशिष्ट क्षमता धोनी को अपने समकालीन क्रिकेटरों से अलग करती है.
विवादों से घिरा रहा ग्रेग चैपल का कार्यकाल
ग्रेग चैपल 2005 से 2007 तक भारतीय टीम के कोच रहे लेकिन उनका कार्यकाल विवादों से घिरा रहा था. चैपल ने भारत को टी20 और वनडे विश्व कप दिलाने वाले धोनी की जमकर प्रशंसा की.
चैपल ने ईएसपीएनक्रिकइन्फो में अपने कॉलम में लिखा, ‘‘जो देश क्रिकेट में विकसित बन गये हैं उन्होंने इस खेल का नैसर्गिक वातावरण गंवा दिया है जो युगों में उनके विकास ढांचे का एक बड़ा हिस्सा था. भारतीय उपमहाद्वीप में ऐसे कई शहर हैं जहां कोचिंग की सुविधाएं न के बराबर हैं और युवा गलियों या खुले मैदानों में बिना किसी औपचारिक कोचिंग के खेलते हैं. इन्हीं स्थानों पर उसके कई वर्तमान स्टार खिलाड़ियों ने क्रिकेट का ककहरा सीखा.’’
धोनी ने निर्णय क्षमता और रणनीतिक कौशल को विकसित किया: ग्रेग चैपल
इनमें से एक धोनी भी थे जो झारखंड के शहर रांची के रहने वाले हैं. चैपल ने कहा, ‘‘एमएस धोनी, जिनके साथ मैंने भारत में काम किया, ऐसे बल्लेबाज का अच्छा उदाहरण हैं, जिन्होंने इसी तरह से खेलकर अपनी प्रतिभा विकसित की और खेलना सीखा.’’
ग्रेग चैपल ने कहा, ‘‘विभिन्न तरह की पिचों पर अधिक अनुभवी खिलाड़ियों के खिलाफ खेलते हुए धोनी ने अपनी निर्णय क्षमता और रणनीतिक कौशल को विकसित किया जिसमें वह अपने कई समकालीन (क्रिकेटरों) से अलग है. मैं जितने भी क्रिकेटरों से मिला उनमें उनका क्रिकेटिया दिमाग सबसे तेज है.’’