Muttiah Muralitharan को Sachin Tendulkar नहीं, बल्कि इन बल्लेबाजों से लगात था डर

दिग्गज स्पिनर मुथैया मुरलीधरन ने कहा कि उन्हें सचिन तेंदुलकर को गेंदबाजी करने में डर नहीं लगता था क्योंकि...

Edited By : India.com Staff |Aug 21, 2021, 08:51 AM IST

Published On Aug 21, 2021, 08:51 AM IST

Last UpdatedAug 21, 2021, 08:51 AM IST

श्रीलंका के दिग्गज स्पिनर मुथैया मुरलीधरन (Muttiah Muralitharan) ने अपने टेस्ट करियर में 800 शिकार किए, जिसकी बराबरी आज तक कोई नहीं कर सका. वहीं दूसरी तरह सचिन तेंदुलकर (Sachin Tendulkar) 100 अंतर्राष्ट्रीय शतक जड़ने वाले इकलौते बल्लेबाज हैं, जिन्होंने कई बार मुरलीधरन की जमकर पिटाई की है. हालांकि मुरलीधरन का कहना है कि उन्हें तेंदुलकर को गेंदबाजी में डर नहीं लगता था. इस पूर्व स्पिनर के मुताबिक वीरेंद्र सहवाग (Virender Sehwag) और ब्रायन लारा (Brian Lara) ‘मास्टर ब्लास्टर’ से भी ज्यादा नुकसान पहुंचाते थे. मुथैया मुरलीधरन ने वनडे में 530 शिकार किए. उन्होंने अपने करियर में तेंदुलकर को 13 बार आउट किया.

आकाश चोपड़ा से बातचीत के दौरान मुरलीधरन ने कहा, ‘‘सचिन के लिए गेंदबाजी करने में डर नहीं लगता था क्योंकि वह आपको बहुत नुकसान नहीं पहुंचाते थे. वह सहवाग के विपरीत थे जो आपको आहत कर सकता है. वह (सचिन) अपना विकेट बचाये रखते थे. वह गेंद को अच्छी तरह से समझते थे और वह तकनीक जानते थे.’’

Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source

मुरलीधरन ने कहा, ‘‘अपने करियर के दौरान मुझे लगा कि ऑफ स्पिन सचिन की मामूली कमजोरी है. लेग स्पिन पर वह करारे शॉट जमाते थे लेकिन ऑफ स्पिन खेलने में उन्हें थोड़ी परेशानी होती थी क्योंकि मैंने उन्हें कई बार आउट किया. इसके अलावा कई ऑफ स्पिनरों ने उन्हें कई बार आउट किया. मैंने इसे देखा है. मैं नहीं जानता. मैंने कभी उनसे इस बारे में बात नहीं की कि आप ऑफ स्पिन खेलने में सहज महसूस क्यों नहीं करते. मुझे लगता कि उनकी थोड़ी कमजोरी है और इसलिए अन्य खिलाड़ियों की तुलना में मैं थोड़ा फायदे में रहा. सचिन को हालांकि आउट करना आसान नहीं था.’’

मुरलीधन ने सहवाग और लारा की प्रशंसा करते हुए कहा कि उन्होंने अपने करियर में जिन बल्लेबाजों के लिये गेंदबाजी की उनमें ये दोनों सबसे खतरनाक थे. मुरलीधरन ने कहा, ‘‘सहवाग बेहद खतरनाक था. उनके लिए हम सीमा रेखा के पास क्षेत्ररक्षक लगाकर रखते थे क्योंकि हम जानते थे कि वह लंबे शॉट खेलने के लिये मौका देखेगा. वह जानता था कि जब उसका दिन होगा तो वह किसी पर भी आक्रमण कर सकता है. फिर हम रक्षात्मक क्षेत्ररक्षण लगाकर क्या करते. ’’

मुथैया मुरलीधरन ने कहा कि वर्तमान बल्लेबाजों में भारत के विराट कोहली और पाकिस्तान के बाबर आजम उनका बेहतर सामना कर सकते थे. वर्तमान समय के खिलाड़ियों के बारे में उन्होंने कहा, ‘‘कोहली स्पिन का अच्छा खिलाड़ी है विशेषकर टेस्ट क्रिकेट में. बाबर आजम भी अच्छा बल्लेबाज लगता है.’’

Editor's Pick