This website uses cookies so that we can provide you with the best user experience possible. Cookie information is stored in your browser and performs functions such as recognising you when you return to our website and helping our team to understand which sections of the website you find most interesting and useful.
Ricky Ponting ने बताया- आखिर Virat Kohli ने क्यों छोड़ी टीम इंडिया की कमान
ऑस्ट्रेलिया के इस पूर्व कप्तान ने कहा कि Virat Kohli ने संभवत: स्वच्छंद होकर खेलने के मकसद से कप्तानी को अलविदा कहा होगा. अब वे कई वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ते हुए नजर आएंगे.
Written by India.com Staff
Last Published on - January 31, 2022 1:20 PM IST

भारतीय टीम की रन मशीन विराट कोहली (Virat Kohli) ने हाल ही में टेस्ट क्रिकेट की कप्तानी छोड़कर सभी को हैरान कर दिया. ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान और पूर्व धाकड़ बल्लेबाज रिकी पॉन्टिंग (Ricky Ponting) भी इससे अलग नहीं हैं. उन्होंने कहा कि विराट में टेस्ट टीम की कप्तानी को लेकर एक अलग ही जुनून था लेकिन उन्होंने कप्तानी के इतर कुछ और चीजों पर भी गौर किया होगा. इसलिए यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया. पॉन्टिंग ने उम्मीद जताई कि अब यह बल्लेबाज और भी खतरनाक हो जाएगा और वे जल्दी ही क्रिकेट के कुछ और वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम करते दिखेंगे.
पॉन्टिंग ने कहा कि मैं भी उनके इस निर्णय से हैरान था लेकिन यह संभव है कि उन्होंने बल्लेबाजी में बेहतर प्रदर्शन करने और कुछ रिकॉर्ड तोड़ने के उद्देश्य से यह फैसला किया होगा. पॉन्टिंग ने कोहली के नेतृत्वकौशल की प्रशंसा की और कहा कि उनकी अगुवाई में भारत का विदेशों में रिकॉर्ड सुधरा और उसने पहले की तुलना में विदेशी धरती पर अधिक मैच जीते.
उन्होंने इसके साथ ही कहा कि कोहली के उत्तराधिकारी के रूप में रोहित शर्मा अच्छी तरह से भूमिका निभाएंगे. पॉन्टिंग ने ‘द आईसीसी रिव्यू’ के पहले एपीसोड में कहा, ‘हां, वास्तव में मुझे हैरानी हुई. मेरी आईपीएल (IPL 2021) के पहले चरण में उनसे इस बारे में बात हुई थी.’
उन्होंने कहा, ‘वह तब सीमित ओवरों की कप्तानी छोड़ने की बात कर रहे थे और टेस्ट मैच की कप्तानी को लेकर उनमें कितना जुनून था. उन्हें यह काम पसंद था और वह इसका पूरा आनंद लेते थे. इसलिए जब मैंने सुना तो वास्तव में मुझे बहुत हैरानी हुई.’
पॉन्टिंग ने हालांकि अपने अनुभव के आधार पर कहा कि कोहली ने यह फैसला करने से पहले कई चीजों पर गौर किया होगा. उन्होंने कहा, ‘विराट लगभग 7 साल तक कप्तान रहे. दुनिया में अगर कोई देश है, जिसकी कप्तानी करना सबसे मुश्किल काम है तो वह भारत ही है क्योंकि वहां खेल बेहद लोकप्रिय है और प्रत्येक भारतीय अपनी टीम को जीतते हुए देखना चाहता है.’
47 वर्षीय इस पूर्व दिग्गज कप्तान ने कहा, ‘वह अभी 33 वर्ष के हैं और अभी कुछ और वर्ष तक खेलना जारी रखना चाहेंगे. मुझे पूरा विश्वास है कि वह कुछ नए रिकॉर्ड बनाएंगे, जिनसे वह ज्यादा दूर नहीं हैं.’
उन्होंने कहा, ‘एक बल्लेबाज के तौर पर कप्तानी की अतिरिक्त जिम्मेदारी के बिना यह उनके लिए थोड़ा आसान हो सकता है.’ इस दिग्गज बल्लेबाज ने कोहली की कप्तानी में भारतीय टीम के प्रयासों की सराहना की. उन्होंने यहां तक कहा कि उनकी कप्तानी में ऑस्ट्रेलिया ने जो प्रयास किए, कोहली की अगुवाई में भारत के प्रयास उससे भी बेहतर थे.
TRENDING NOW
(इनपुट: भाषा)
