- क्रिकेट न्यूज़
- News
- Cricket news pak vs aus semifinal t20 world cup 2021 5090950
PAK vs AUS, Semifinal T20 World Cup 2021: Brett Lee की भविष्यवाणी, टी20 वर्ल्ड कप में ये टीम बन सकती है चैंपियन
PAK vs AUS, Semifinal T20 World Cup 2021: टी20 विश्व कप-2021 की खिताबी रेस में न्यूजीलैंड, ऑस्ट्रेलिया और पाकिस्तान की टीम बनी हुई है.
Published On Nov 10, 2021, 11:40 PM IST
Last UpdatedNov 10, 2021, 11:40 PM IST
Pakistan vs Australia, ICC Mens T20 World Cup 2021 Semifinal: न्यूजीलैंड ने इंग्लैंड पर 5 विकेट से जीत दर्ज कर फाइनल में अपनी जगह बना ली है. टी20 विश्व कप इतिहास में न्यूजीलैंड पहली बार खिताबी मुकाबले में पहुंचा है. अब 11 नवंबर को पाकिस्तान और ऑस्ट्रेलिया के बीच दूसरा सेमीफाइनल मैच खेला जाएगा, जिसकी विजेता टीम से 14 नवंबर को न्यूजीलैंड ट्रॉफी के लिए भिड़ेगी. भले ही टाइटल की रेस में अब तक 3 टीमें बनी हुई हैं, लेकिन दिग्गज गेंदबाज ब्रेट ली (Brett Lee) ने विजेता टीम के नाम को लेकर भविष्यवाणी कर दी है.
डेविड वॉर्नर के फॉर्म में होने से पूर्व तेज गेंदबाज ब्रेट ली को लगता है कि ‘अंडरडॉग’ (छुपी रुस्तम) ऑस्ट्रेलिया इस बार पहली बार आईसीसी टी20 विश्व कप हासिल करने के लिये बिलकुल अच्छी स्थिति में है.
ब्रेट ली ने आईसीसी (अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद) के लिए कॉलम में लिखा, ‘‘एक महीने तक खेलने के बाद अब आईसीसी पुरुष टी20 क्रिकेट विश्व कप 2021 टूर्नामेंट पांच दिन का रह गया है जिसमें चार टीमें हैं और तीन मैच हैं और मेरा मानना है कि यह ऑस्ट्रेलिया का साल हो सकता है. ऑस्ट्रेलियाई शिविर में बढ़े आत्मविश्वास को मैं महसूस कर सकता हूं और मेरा मानना है कि वे शानदार लय में हैं, गुरुवार को पाकिस्तान के खिलाफ सेमीफाइनल से पहले सब चीजें सही हो रही हैं’’
ली ने कहा कि उन्हें वार्नर की फॉर्म में वापसी की काबिलियत पर भरोसा था और टूर्नामेंट से पहले उनकी उनसे बात भी हुई थी. उन्होंने लिखा, ‘‘मैंने टूर्नामेंट शुरू होने से पहले डेविड वार्नर से बात की थी और उन्हें बताया था, ‘मुझे तुम्हारे ऑस्ट्रेलिया के शीर्ष स्कोरर होने का भरोसा है, मुझे निराश मत करना.’ मुझे उस पर भरोसा था कि वह बड़ा मैच विजेता है और बड़े टूर्नामेंट का खिलाड़ी है और इसमें कोई बदलाव नहीं हुआ है. आरोन फिंच भी फॉर्म में लौट रहे हैं. मिशेल मार्श गेंद को अच्छी तरह हिट कर रहे हैं और ग्लेन मैक्सवेल भी अच्छा करेंगे.”