- Home
- News
- Cricket news pak vs wi odi series postpones due to covid 19 cases in west indies team 5142443
PAK vs WI: वेस्टइंडीज टीम में कोरोना के केस, वनडे सीरीज स्थगित
पाकिस्तान दौरे पर गई वेस्टइंडीज की टीम के 6 खिलाड़ी और 3 सहयोगी स्टाफ कोविड-19 पॉजिटिव पाए गए हैं.
Published On Dec 16, 2021, 08:42 PM IST
Last UpdatedDec 16, 2021, 08:42 PM IST
पाकिस्तान दौरे पर आई वेस्टइंडीज की टीम मुश्किलों में फंस गई है. यहां कैरिबियाई टीम 3-3 मैचों की टी20 और वनडे सीरीज खेलने आई थी. लेकिन विंडीज की टीम में कोरोना वायरस संक्रमण के 5 मामले सामने आने के बाद दोनों क्रिकेट बोर्ड ने वनडे सीरीज को अगले साल जून तक स्थगित कर दिया है. इससे पहले गुरुवार को खेला जा रहा तीसरा और आखिरी टी20 मैच भी मुश्किल में फंस गया था. लेकिन पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने वेस्टइंडीज क्रिकेट बोर्ड (WICB) को इस मैच को तय शेड्यूल पर खेलने के लिए राजी कर लिया.
वेस्टइंडीज की टीम इस टी20 और वनडे दौरे के लिए 21 सदस्यीय टीम लेकर आया है. लेकिन इस मैच के लिए उसके केवल 14 खिलाड़ी ही उपलब्ध थे. उसके छह खिलाड़ियों और सहयोगी स्टाफ के तीन सदस्यों का कोविड-19 के लिए परीक्षण पॉजिटिव आया है, जबकि एक खिलाड़ी डेवोन थॉमस पहले टी20 मैच में उंगली में चोट लगने के कारण बाहर हैं.
इससे पहले दिन में तीसरे टी20 मैच के आयोजन को लेकर संदेह पैदा हो गया था. क्योंकि वेस्टइंडीज बोर्ड ने पुष्टि की कि वनडे कप्तान शाई होप, बाएं हाथ के स्पिनर अकील हुसैन और ऑलराउंडर जस्टिन ग्रीव्स के अलावा सहायक कोच रोडी एस्टविक और टीम के चिकित्सक डा. आकाशी मानसिंह सभी का परीक्षण पॉजिटिव आया है.
इससे पहले 9 दिसंबर को काइल मायर्स, शेल्डन कोटरेल और रोस्टन चेज के परीक्षण पॉजिटिव पाए गए थे. पीसीबी सूत्रों के अनुसार बोर्ड अब वेस्टइंडीज को वनडे सीरीज के लिए मनाने की कोशिश कर रहा है.
(इनपुट: एजेंसी)