- क्रिकेट न्यूज़
- News
- Cricket news ranji trophy 2022 pawan shah smaeshed hundred in his debut match against assam 5245710
Ranji Trophy 2022: अपने डेब्यू मैच में ही पवन शाह ने जड़ा नाबाद शतक, महाराष्ट्र मजबूत
महाराष्ट्र के युवा बल्लेबाज पवन शाह ने नाबाद 165 रन बनाकर अपनी टीम को मजबूत स्थिति में ला दिया है.
Published On Feb 17, 2022, 07:43 PM IST
Last UpdatedFeb 17, 2022, 07:43 PM IST
Ranji Trophy 2022 Elite Group G Match Maharashtra vs Assam: महाराष्ट्र के युवा बल्लेबाज पवन शाह ने अपने डेब्यू मैच में नाबाद शतक जड़कर अपने करियर का धमाकेदार आगाज किया है. पहले ही मैच में असम के खिलाफ इस युवा बल्लेबाज ने नाबाद 165 रन बनाकर टीम को मजबूत स्थिति में ला दिया है. शुक्रवार को जब वह एलीट ग्रुप जी के मैच में अपनी पारी को आगे बढ़ाने उतरेंगे तो पहले इसे दोहरे शतक में तब्दील कर और भी बड़ी पारी में तब्दील करने पर निगाहे होंगी. बृहस्पतिवार को पहले दिन का खेल खत्म होने तक महाराष्ट्र ने 5 विकेट पर 278 रन बना लिए.
चिंचवड के रहने वाले 22 वर्ष के शाह वेरोक वेंगसरकर क्रिकेट अकादमी के छात्र हैं. उन्होंने अपनी 275 गेंद की पारी में 15 चौके और एक छक्का लगाया. पहले बल्लेबाजी के लिए भेजी गई महाराष्ट्र टीम ने यश नाहर (4) और राहुल त्रिपाठी (2) के विकेट जल्दी गंवा दिए. इसके बाद शाह और अंकित बावने (27) ने मिलकर 66 रन की साझेदारी की. बावने को मुख्तार हुसैन ने ही पवेलियन भेजा.
इसके बाद शाह ने नौशाद शेख के साथ पारी को आगे बढाया लेकिन शेख 28 रन बनाकर आउट हो गए. विकेटकीपर विशांत मोरे (16) भी टिक नहीं सके लेकिन दियांग हिंगणेकर (नाबाद 36) ने शाह का पूरा साथ दिया. दोनों छठे विकेट के लिये 94 रन जोड़ चुके हैं.
एक अन्य मैच में उत्तर प्रदेश ने विदर्भ के खिलाफ 7 विकेट पर 268 रन बनाए. अक्षदीप नाथ ने 91 और रिंकू सिंह ने 65 रन की पारी खेली. विदर्भ के लिए उमेश यादव और आदित्य ठाकरे ने दो दो विकेट लिए.
(इनपुट: भाषा)