- Home
- News
- Cricket news ross taylor retires from international cricket he made 14 runs in his last innigs 5319199
Ross Taylor Retirement: अपनी आखिरी इंटरनेशनल पारी में सिर्फ 14 रन बनाकर रॉस टेलर ने ली विदा
रॉस टेलर ने 16 साल लंबे अपने इंटरनेशनल करियर में कुल 450 इंटरनेशनल मैच खेले. आज जब वह आखिरी बार क्रीज पर बैटिंग के लिए पहुंचे तो दर्शकों ने खड़े होकर उनका अभिवादन किया.
Published On Apr 04, 2022, 04:11 PM IST
Last UpdatedApr 04, 2022, 04:11 PM IST
Ross Taylor Retirement: न्यूजीलैंड के स्टार बल्लेबाज रॉस टेलर (Ross Taylor) ने सोमवार को नीदरलैंड्स के खिलाफ तीसरे और आखिरी वनडे मैच में 14 रन बनाकर अपने इंटरनेशनल करियर से विदा ले ली. 16 साल लंबे करियर में यह उनका 450वां इंटरनेशनल मैच भी था. 38 वर्षीय इस बल्लेबाज ने इस साल के शुरू में साउथ अफ्रीका के खिलाफ अपना आखिरी टेस्ट मैच खेला था, लेकिन वह अपने घरेलू मैदान सेडन पार्क पर अंतिम मैच खेलकर क्रिकेट को अलविदा कहना चाहते थे.
टेलर जब अपनी पारी की शुरुआत करने के लिए पिच की ओर जा रहे थे, तब दर्शकों ने खड़े होकर इस दिग्गज का अभिवादन किया. राष्ट्रगान के दौरान टेलर के बच्चे मैकेंजी, जॉन्टी और एडिलेड उनके साथ खड़े थे. जब वह मैदान पर उतरे और वापस लौटे तो नीदरलैंड के खिलाड़ियों ने उनके दोनों तरफ खड़े होकर उन्हें सम्मान दिया. वह दुनिया के एकमात्र खिलाड़ी हैं, जिन्होंने तीनों प्रारूप में 100 से अधिक अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं.
टेलर ने 2006 में न्यूजीलैंड के लिए अपना पहला एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैच खेला था. इसके अगले वर्ष उन्होंने अपना पहला टेस्ट खेला. उन्होंने 112 टेस्ट मैचों में 19 शतकों की मदद से 7,683 रन बनाए. टेलर ने 236 एक दिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैचों में 8,593 रन और 102 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 1,909 रन बनाए.
उन्हें अपने आखिरी मैच में क्रीज पर उतरने के लिए लंबा इंतजार करना पड़ा. मार्टिन गुप्टिल और विल यंग के बीच दूसरे विकेट के लिए 203 रन की साझेदारी के कारण वह 39वें ओवर में क्रीज पर उतर पाए.
उनके मैदान पर आते ही दर्शकों ने खड़े होकर उनका अभिवादन किया. जब वह 14 रन बनाकर आउट होने के बाद वापस पवेलियन लौट रहे थे तो उनके चेहरे पर फीकी मुस्कान थी. वह नीदरलैंड के खिलाड़ियों के बीच से निकलकर मैदान से बाहर गए. इस बीच दर्शकों ने खड़े होकर उनका अभिवादन किया.
टेलर ने बाद रेडियो न्यूजीलैंड से कहा, ‘मैं हमेशा परिस्थितियों के अनुसार और चेहरे पर मुस्कान लेकर खेला. मैंने पूरे गर्व और सम्मान के साथ अपने देश का प्रतिनिधित्व किया. मैं शुरू से देश के लिये खेलना चाहता था.’