- Home
- News
- Cricket news sa vs ban 2nd test day 2 match report and highlights bangladesh stumbled against south africa 5329467
SA vs BAN- दूसरा टेस्ट: साउथ अफ्रीका के 453 के जवाब में लड़खड़ाया बांग्लादेश, 139 पर 5 आउट
पहली पारी में साउथ अफ्रीका के 453 रनों का जवाब देने उतरी बांग्लादेश की पारी लड़खड़ा गई है. इससे पहले केशव महाराज ने 84 रन बनाकर अपने टेस्ट जीवन का सर्वोच्च स्कोर अपने नाम किया.
Published On Apr 10, 2022, 12:12 AM IST
Last UpdatedApr 10, 2022, 12:12 AM IST
साउथ अफ्रीका के खिलाफ खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच में बांग्लादेश की हालत खस्ता हो गई है. मेजबान टीम के 453 रन के जवाब में उसने दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक 5 विकेट पर 139 रन बना लिए हैं. बांग्लादेश की आधी टीम के पवेलियन लौटने तक तमीम इकबाल (47) उसकी ओर से सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे हैं. वियान मुल्डर सिर्फ 6 ओवर में 3 विकेट अपने नाम किए, जबकि डुआने ओलीवर ने दो विकेट अपने नाम किए हैं.
इससे पहले साउथ अफ्रीकी टीम ने अपने पुछल्ले बल्लेबाज केशव महाराज (Keshav Maharaj) के 84 रन की मदद से दूसरे दिन पहली पारी में 453 रन बनाए. घरेलू टीम ने पांच विकेट पर 278 रन से खेलना शुरू किया, जिसके बाद महाराज ने आक्रामक बल्लेबाजी की. उनके करियर का यह सर्वश्रेष्ठ स्कोर है. वह ताइजुल का शिकार बने.
पहले टेस्ट में गेंद से शानदार प्रदर्शन कर साउथ अफ्रीका के लिए मैच विजेता रहे महाराज ने अपने चौथे टेस्ट अर्धशतक में 9 चौके और 3 छक्के जमाए, जिससे टीम ने पहली पारी में मजबूत स्कोर बनाया.
स्पिनर ताइजुल इस्लाम ने बांग्लादेश के लिए 135 रन देकर 6 विकेट झटके जबकि तेज गेंदबाज खालिद अहमद ने 100 रन देकर तीन विकेट प्राप्त किए. महाराज और वियान मुल्डर (33 रन) ने सातवें विकेट के लिए 81 रन जोड़े. इसके बाद महाराज के स्पिन जोड़ीदार सिमोन हार्मर ने 29 रन का योगदान दिया.
साउथ अफ्रीका दौरे पर आई बांग्लादेश ने इस दौरे पर टेस्ट सीरीज से पहले 3 मैचों की वनडे सीरीज खेली थी, जहां उसने मेजबान टीम को 2-1 से मात दी थी. लेकिन 2 टेस्ट की सीरीज में वह पहला टेस्ट मैच पहले ही हार कर 0-1 से पीछे है.